हरियाणा किसान मंच के तत्वावधान में सोमवार को विभिन्न मांगों को लेकर उपायुक्त कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन की अध्यक्षता पूर्व सरपंच रामजस पृथ्वी सिंह भाग सिंह पूनिया, बीर सिंह कड़वासरा, दलीप सहारण और श्योकरण लांबा ने की। प्रदर्शन का नेतृत्व मंच के प्रदेश महासचिव रमेश बैनीवाल ने किया।
इससे पहले सीसवाला, किरतान, भिवानी रोहिला, सिरसाना, बासड़ा, सदलपुर, चूली बागड़ियान, खैरमपुर, अग्रोहा, पायल, चिड़ौद, कालवास, पनिहार, भेरिंया, देवां, मुकलान, रावलवास, मात्रश्याम, मिंगनीखेड़ा और खारिया डोभी सहित जिले भर के विभिन्न गांवों से हजारों किसान क्रांतिमान में एकत्र हुए और सरकार की किसान विरोधी नीतियों पर गहरा रोष प्रकट किया। इस दौरान किसान नेता रमेश बैनीवाल ने कहा कि पिल्लर बॉक्स के माध्यम से सरकार व बिजली निगम के अधिकारी मोटे कमीशन के चक्कर में किसानों को लूटने पर तुले हुए हैं।
इसके बाद किसान जुलूस के रूप में सरकार व बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। किसानों के रोष को देखते हुए लघु सचिवालय पर पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। लघु सचिवालय जाने वाले मुख्य गेट पर ताला लगाते हुए पुलिस कर्मचारियों ने किसानों को अंदर जाने से रोक दिया। इसको लेकर किसानों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच काफी नोक झोंक भी हुई।
करीब एक घंटे के प्रदर्शन के बाद आखिरकार उपायुक्त एमएल कौशिक किसानों के बीच आए और उनका मांगपत्र लेकर किसानों को आश्वासन दिया कि प्रशासन आगामी दिनों में किसानों के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करते हुए उनकी मांगें पूरी करवाने की कोशिश की जाएगी। उनकी मांग सरकार तक पहुंचा दी जाएगी। किसान नेताओं ने प्रशासन व सरकार को चेतावनी दी कि अगर इसके बाद भी किसानों की सभी मांगों पर ध्यान नही दिया गया तो किसान इससे भी बड़ा आंदोलन छेड़ने पर मजबूर हो जाएंगे और हरियाणा किसान मंच प्रदेश भर में अपना आंदोलन छेड़ देंगे।
उन्होंने मांगी की कि दिल्ली की तर्ज पर प्रदेश सरकार को ढाई रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बिजली देनी चाहिए और डिजीटल मीटर की जगह पुराने जयपुर वाले काले मीटर लगाने चाहिए। इसके अलावा बिजली निगम द्वारा लगाए जा रहे सभी प्रकार के चार्जों को किसी भी सूरत में नहीं भर सकता। साथ ही सीसवाला गांव में किसानों पर बनाए गए झूठे मुकदमों को वापस लेने की मांग को प्रमुखता से उठाते हुए ट्यूबवेल कनेक्शन फ्री देने की मांग की गई। धरने के दौरान सौर उर्जा कनेक्शन राजस्थान की तर्ज पर सौ प्रतिशत सब्सिडी देने के साथ साथ पांच लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण देने और किसानों का कर्जा माफ करने की मांग भी उठाई गई।
मंच के प्रदेशाध्यक्ष प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा ने गेहूं पर पांच सौ रुपये बोनस देने और बालसमंद सब ब्रांच की सभी नहरों में दो सप्ताह पानी चलाने की मांग की। किसानों को जिला प्रधान प्रताप सिंह सहारण, कर्मचारी नेता दलबीर किरमारा ने भी संबोधित किया।
इस मौके पर जिला सचिव अनिल बिशभनोई, महाबीर सहारण, विनोद चहल, रामचंद्र नंबरदार, बलबीर सिंह भांभू, अनूप सिंह पनिहार, राजपाल मांडिया, भगत सिंह भादू, हवासिंह फौजी, उमेद सिंह, सुंदर सिंह, ओमप्रकाश भेरियां, राजेंद्र नेहरा चूली, रामजीलाल पूनिया, धर्मपाल फ्रांसी, दलबीर चिड़ौद, परमानंद सिंघरान, नरेश पातन, बलवान सिंह खोवाल मौजूद रहे।