हिसार। केमिस्ट शॉप संचालक से 40 हजार की रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार ड्रग कंट्रोलर अधिकारी की गाड़ी के चालक और चपरासी को शनिवार अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस बारे में शुक्रवार को सिरसा विजिलेंस की टीम ने कार्रवाई की थी। आरोप है कि लाइसेंस जारी करने की एवज में ड्रग कंट्रोलर डॉ. सुरेश चौधरी ने एक लाख रुपये मांगे थे, बाद में सौदा 40 हजार में तय हुआ था। वहीं, पुलिस आरोपी ड्रग कंट्रोलर अधिकारी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
उल्लेखनीय है कि हांसी के रामायण गांव निवासी रामबिलास से मॉडल टाउन में केमिस्ट की फर्म खोलने पर लाइसेंस जारी करने की एवज में 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। इस बारे में वह ड्रग कंट्रोलर सुरेश चौधरी से मिला तो उन्होंने अपनी निजी गाड़ी के चालक भिवानी के विद्या नगर निवासी सुमित व सिवानी के वार्ड-4 निवासी उनके चपरासी रामपाल से मिलने को कहा। इस दौरान दोनों ने उससे एक लाख रुपये की मांग की। बाद में सौदा 40 हजार में तय हुआ। शुक्रवार को सिरसा विजिलेंस की टीम ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों को हिसार के आधार अस्पताल के बाहर से काबू किया था।