पंचकूला में चीफ इंजीनियर के कार्यालय में बैठक करते हुए कमेटी के सदस्य। ग्रामीण
हांसी। गांव चानौत में पेयजल और बिजली के लिए 11 दिनों से चल रहे धरने के बीच ग्रामीणों की पांच सदस्यीय कमेटी मंगलवार को पंचकूला स्थित जनस्वास्थ्य विभाग मुख्यालय पहुंची। इस दौरान चीफ इंजीनियर और एसई के साथ करीब एक घंटे तक चली वार्ता बेनतीजा रही। इसके बाद ग्रामीणों ने 28 मई को गांव में महापंचायत बुलाने का निर्णय लिया है।
ग्रामीणों की ओर से बैठक में अनूप सिंह, विशाखा चौधरी, सरपंच हिमांशु, पूर्व सरपंच सत्यवान, बेरीराम फौजी और जनस्वास्थ्य विभाग के चीफ इंजीनियर टीआर पंवार और एसई तरुण गर्ग शामिल रहे। अधिकारियों ने गांव के जलघर के लिए नई पाइपलाइन बिछाने, हॉटलाइन से जोड़ने और खरकड़ी जलघर में जनरेटर लगाने का प्रस्ताव रखा लेकिन ग्रामीण शहर के लिए डाली जा रही भाखड़ा पाइपलाइन से सीधे कनेक्शन देने की मांग पर अड़े रहे। अधिकारियों ने इसे सरकार स्तर का मामला बताते हुए मांग मानने से इनकार कर दिया।
अनूप सिंह ने कहा कि जब खराब मोटर बदलने में ही छह महीने से अधिक का समय लग रहा है तो नई योजनाओं के पूरा होने में कितना समय लगेगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। ग्रामीणों ने कहा कि अब 28 मई को धरनास्थल पर महापंचायत आयोजित की जाएगी।