राज्यसभा सदस्य एवं कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में 75 पार का नारा देकर जनता को ठगा गया। टीवी पर 85 पार दिखाया जा रहा था। हरियाणा के मतदाता कुछ और चाहते थे। चुनाव नतीजे आए तो भाजपा को 40, कांग्रेस को 31 सीटें मिलीं। अगर लोगों को पता होता इतना करीबी मामला है तो लपेट लेते।
बुधवार को नलवा विधानसभा क्षेत्र के आजाद नगर स्थित सामुदायिक केंद्र में कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत आयोजित जनसभा में दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पिछली बार विधानसभा चुनाव में 3900 वोट का फर्क रह गया।
अगर ये वोट मिलते तो हमारी 36 और भाजपा की 33 सीटें होती। 10 सीटों वाली जजपा ने भाजपा के खिलाफ जीत के लिए जनता से वोट मांगी और भाजपा को ही समर्थन देकर जनता के साथ विश्वासघात किया, मतदाता इसका बदला लेकर रहेंगे।
भाजपा ने प्रदेश का भट्ठा बैठा दिया
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि दुष्यंत ने वादा किया था कि सत्ता में आने पर बुढ़ापा पेंशन 5100 रुपये दिलाएंगे। चार साल बाद भी 5100 पेंशन मिली क्या? यह मतदाताओं के साथ धोखा है। किसान आंदोलन में किसानों के साथ खिलाड़ियों के आंदोलन में पहलवानों के साथ धोखा किया। भाजपा के इशारे पर कुछ लोग आपके बीच आएंगे उनसे सावधान रहना। जजपा ने भाजपा को समर्थन देने में 6 घंटे लगाए थे, अगर ये सीटें इनेलो की होती तो वह 6 मिनट भी नहीं लगाती। इस सरकार ने हरियाणा का भट्ठा बैठा दिया। हर वर्ग को हक के लिए सड़कों पर आना पड़ रहा है।
किसान, पहलवान, कर्मचारी, ग्रामीण चौकीदार, मनरेगा मजदूर, आंगनबाड़ी वर्कर, आशा वर्कर सभी पर लाठी चलाई। इसकी जिम्मेदार जजपा है। 750 किसान आंदोलन में शहीद हो गए, लेकिन सरकार ने सहानुभूति के दो शब्द नहीं कहे।
विकास में नंबर वन रहे हरियाणा को भ्रष्टाचार, बेरोजगारी में बनाया अव्वल
10 साल तक कांग्रेस की सरकार में हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश विकास में नंबर एक था। भाजपा सरकार ने 9 साल में हरियाणा को बेरोजगारी और भ्रष्टाचार में नंबर वन बना दिया। विकास में 19वें नंबर पर पहुंचा दिया। पेपर लीक कांड हो रहे हैं। एचपीएससी में करोड़ों रुपये पकड़े जा रहे हैं। अच्छे दिनों के नारे में हरियाणा के लोगों को लूट लिया।
खिलाड़ियों का हो रहा तिरस्कार
दीपेंद्र सिंह हुुड्डा ने कहा कि पॉक्सो की एफआईआर के बाद भी बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी नहीं हो रही। यौन शोषण के आरोपी के बजाय महिला खिलाड़ियों का ट्रायल किया जा रहा है। देश को गौरव दिलाने वाली खिलाड़ियों का तिरस्कार किया गया।
गठबंधन से लेकर कुलदीप पर प्रहार
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा-जजपा का गठबंधन भ्रष्टाचार के आधार पर ही बना था। हरियाणा को लूटने की छूट पर यह गठबंधन बना। लूटने के लाइसेंस को लेकर जजपा ने भाजपा को समर्थन दिया। हिसार लोकसभा में 9 में से 6 सीट भाजपा के खिलाफ देकर जनता ने अपना आक्रोश जाहिर किया था। राष्ट्रपति चुनाव में 9 की 9 सीट भाजपा को गई। किसी ने भ्रष्टाचार के मुकदमे को दबाने तो किसी ने लूट मचाने के लिए समझौता कर लिया। दुष्यंत चौटाला से कुलदीप बिश्नोई तक सभी ने समझौते कर लिए।
बेटियों, किसानों, कर्मचारियों का साथ देना गुनाह तो हमें कबूल
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने जनसभा से किसानों पर लाठीचार्ज, महिला खिलाड़ियों के यौन शोषण के आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर निंदा प्रस्ताव पास कराया। दीपेंद्र ने कहा इनके पास सत्ता बल, धन बल, मीडिया बल है। हमारे पास इनसे लड़ने लिए आपका आशीर्वाद है। अगर बेटियों, सरपंचों, किसानों अपने हक के लिए लड़ रहे हैं। अगर उनका साथ देना गुनाह है तो हम कबूल करते हैं।