सर्विस लेन पर गहरे गड्ढे, तीन ऑटो पलटे, 20 घायल
अग्रोहा (हिसार)। अग्रोहा चौक पर हाईवे की सर्विस लेन पर गहरे गड्ढे होने से मंगलवार को तीन ऑटो पलट गए। हादसे में 20 लोग घायल हो गए। वहीं, सड़क पर पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने पर दुकानदारों ने रास्ता जाम कर नारेबाजी की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी डीएसपी प्रियांशु दिवान व खंड कार्यालय अधिकारी जयभगवान ने जल्द समस्या का हल करवाने का आश्वासन देकर रास्ता खुलवाया।
जानकारी के अनुसार दिल्ली-सिरसा एनएच-9 की सर्विस लेन पर पिछले कई दिन से बारिश का पानी भरा है। मंगलवार को एक के बाद एक करके तीन ऑटो पलट गए। नरवाना निवासी सौरभ ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ ऑटो में सवार होकर गोगा मेड़ी से नरवाना जा रहे थे। इसी बीच अग्रोहा मोड के पास उनका ऑटो पलट गया। हादसे में उनके परिवार के शमशेर, गोविंद, अमित, सोनिया, संतोष, आशा, मीनाक्षी समेत 12 लोग घायल हो गए। वहीं, दूसरे ऑटो में सवार छह लोग और तीसरे ऑटो में सवार दो लोग घायल हो गए। बता दें कि एक सप्ताह पहले सवारियों से भरा ऑटो पलट गया था।