दिन के समय मौसम साफ रहने और धूप निकलने का असर अब दिखने लगा है। इस कारण से दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। रविवार को दिन का तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। हालांकि रात में अभी भी ठंड बरकरार है। रविवार को रात का तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम रहा।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अनुसार तीन फरवरी तक मौसम खुश्क व परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी व रात के तापमान में हल्की गिरावट आएगी। इसके बाद चार फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव में मौसम में बदलाव की संभावना है।
पिछले कई दिनों की तरफ रविवार को मौसम साफ रहा और तेज धूप खिली। इस कारण से दिन में मौसम थोड़ा गर्म रहा। हालांकि दिन ढलने के साथ ही मौसम फिर से ठंडा हो गया। रविवार को अधिकतम तापमान 23.6 व न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 21.0 व न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस था।
सिरसा की रात और रोहतक का दिन सबसे ठंडा
शनिवार को सिरसा शहर की रात व रोहतक का दिन सबसे ठंडा रहा। सिरसा में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस और रोहतक में अधिकतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शहर-अधिकतम तापमान-न्यूनतम तापमान
अंबाला-20.9-4.4
भिवानी-22.4-5.1
करनाल-20.2-2.7
नारनौल-25.5-2.4
रोहतक-20.0-3.0
सिरसा-23.0-0.8