फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मृतक का भाई बोला- सुसाइड नोट में महेंद्र की लिखावट नहीं

विज्ञापन
छात्र महेंद्र सिंह की फाइल फोटो। - फोटो : Hisar
विज्ञापन
हिसार। गुजवि के हॉस्टल में फंदे पर झूलते मिले एमए मासकॉम के छात्र महेंद्र सिंह के शव का शनिवार को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम के लिए सीएमओ डॉ. रत्ना भारती के आदेश पर तीन डॉक्टरों का बोर्ड गठित किया गया। इसमें हड्डी रोग विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेश कौशिक, डॉ. राजीव तंवर और अग्रोहा से पहुंचे फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. दीपरतन मित्तल थे।
विज्ञापन

शहर थाना पुलिस ने महेंद्र सिंह के पिता बलबीर सिंह की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। शनिवार को नागरिक अस्पताल पहुंचे फतेहाबाद जिले के गांव भिरड़ाना निवासी मृतक के छोटे भाई छिंदरपाल ने बताया कि महेंद्र के शव के पास से चार पेज का सुसाइड नोट बरामद हुआ है। छिंदरपाल का कहना है कि इस सुसाइड नोट में महेंद्र की लिखावट नहीं है। वहीं मृतक के पिता बलबीर सिंह और ताऊ दीवान सिंह का कहना था कि जिस वक्त महेंद्र का शव फंदे से लटका मिला था, उस दौरान महेंद्र के दोनों हाथ बंधे मिले थे। उन्होंने आरोप लगाया कि महेंद्र की किसी ने हत्या कर शव यहां लटकाया है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों के हवाले कर दिया। वहीं उसके विसरा को अग्रोहा लैब और मधुबन लैब में केमिकल विसरा भेजा है।
एसपी ने दिया जांच का आश्वासन
नागरिक अस्पताल में महेंद्र के शव के पोस्टमार्टम के दौरान एसपी बलवान सिंह राणा, एएसपी उपासना, ट्रेनी आईएएस अंकिता चौधरी, डीएसपी हेड क्वार्टर अशोक कुमार, शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रिछपाल, सीएमओ डॉ. रत्ना भारती और जीजेयू चौकी प्रभारी एएसआई मनमोहन और जांचकर्ता एएसआई दीपेंद्र मौजूद रहे। इस दौरान एसपी ने परिजनों से बात की और मामले में उचित जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद एसपी जीजेयू हॉस्टल पहुंचे और वहां वारदात स्थल से साक्ष्य जुटाए। इस दौरान फोरेंसिक टीम भी मौजूद रही। वहीं हॉस्टल में अंदर की तरफ कैमरे न होने पर बाहर की तरफ लगे सीसीटीवी को पुलिस खंगालने में लगी है। वहीं लैब अटेंडेंट व वहां रहने वाले छात्रों से भी पूछताछ की गई। वहीं छात्रों ने बताया कि वीरवार को उन्होंने हॉस्टल में पार्टी भी की थी।
विज्ञापन

भाई को वीरवार को किया था फोन
नागरिक अस्पताल में मौजूद महेंद्र के भाई छिंदरपाल ने बताया कि महेंद्र ने उसे वीरवार को अपराह्न करीब सवा तीन बजे फोन किया था। छिंदरपाल ने बताया कि वह फतेहाबाद डिपो में किलोमीटर स्कीम की बस पर चालक है। छिंदरपाल के अनुसार महेंद्र ने उसे फोन कर पूछा था कि क्या मैं हिसार हूं। उसने छिंदरपाल को पूछा कि गाड़ी चला रहा है या बस अड्डे पर है। छिंदरपाल ने बताया कि महेंद्र ने उससे कुल 34 सेकेंड बात की और कहा कि शाम को बात करेंगे।
उससे बहुत प्यार करता हूं, उसे भी जल्द अपने पास बुला लूंगा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महेंद्र के पास से मिले सुसाइड नोट में एक लड़की का जिक्र करते लिखा हुआ है कि मैं उससे बहुत प्यार करता हूं, उसे भी जल्दी अपने पास बुला लूंगा। महेंद्र सिंह ने इस सुसाइड नोट में लड़की का नाम लिखकर उसमें आई लव यू भी लिखा था। उसने लिखा है कि वह दोस्तों का कर्जदार है और परेशान हो चुका है। इसलिए दुनिया छोड़कर जा रहा है। आखिरी में उसने लिखा कि वह अपने माता-पिता, भाई और दोस्तों से प्यार करता है।
पिता से कहता था वकील बनूंगा
नागरिक अस्पताल पहुंचे मृतक महेंद्र के पिता बलबीर ने बताया कि महेंद्र पढ़ाई में होनहार था। उन्होंने बताया कि महेंद्र अकसर वकील बनने की बात करता था। बलबीर ने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि उसका बेटा आत्महत्या कर सकता है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस को मौके पर मौजूद छात्रों में से एक पर शक है, क्योंकि पूछताछ के दौरान वह पुलिस से नजरें छिपाता नजर आ रहा था। बलबीर का आरोप है कि महेंद्र की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि महेंद्र सिंह 20-21 जनवरी को ही घर से यहां आया था और उसने करीब दो दिन बाद अपने भाई छिंदरपाल से लैपटॉप मंगवाया था।
जांच की जा रही है
परिजनों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। मामले में जांच की जा रही है। महेंद्र के शव के पोस्टमार्टम के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी बुलाया गया है।
विज्ञापन

-एसपी बलवान सिंह राणा, हिसार।

पोस्टमार्टम के दौरान एसपी, डीएसपी से बात करते मृतक के परिजन।- फोटो : Hisar

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें