हांसी उमरा गेट पर बाजार में जांच करते हुए एसआई रमेश व अन्य। संवाद
हांसी। रक्षाबंधन पर बाजारों में भीड़ देखने को मिली। बाजारों में स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने बाजार में ई-रिक्शा व भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रखा गया। इसके लिए उमरा गेट पर बैरिकेड लगाकर एंट्री बंद की गई। वहीं किला बाजार पुलिस चौकी प्रभारी एसआई रमेश दिनभर बाजार में गश्त पर रहे। भीड़ के चलते यहां दो दिन पहले से ही उमरा गेट के समीप बैरिकेडिंग कर दी गई थी। ताकी ई-रिक्शा व चार पहिया वाहन बाजार में न जाएं। केवल दुपहिया वाहनों को ही बाजार में जाने दिया। यह व्यवस्था शनिवार शाम तक रहेगी। वहीं बड़सी गेट, बजरिया चौक पर भी पुलिस तैनात रही। साथ ही बाजारों में लगातार गश्त की गई।
इन राखियों की रही मांग
बाजारों में दुकानों पर डोरेमोन राखी, रुद्राक्ष राखी, रेशम राखी, भैया-भाभी राखी, वीर राखी, चमकदार लाइट वाली राखियों के साथ-साथ बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां भी खूब बिक रही हैं। दुकानदारों के अनुसार, इस बार बाजार में राखियों की कीमत 5 रुपये से शुरू होकर 500 रुपये तक है। रुद्राक्ष और स्टोन राखियों की विशेष वैरायटी लोगों को खूब पसंद आ रही है। बच्चों के लिए कार्टून राखियां खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। सराफा बाजार में सोने-चांदी और अन्य धातुओं की राखियां भी उपलब्ध हैं, जो ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं।