फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चोरों ने मकान मालिक की गोलीमार की हत्या

Wed, 20 Jan 2016 01:19 AM IST
अमर उजाला हिसार/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
सिवानी मंडी की वकील कॉलोनी में मंगलवार अल सुबह अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने हत्या कर चोरी की 4 वारदातों को अंजाम दिया।
विज्ञापन


चोरी की नीयत से एक घर में घुसे दो में से एक चोर को मकान मालिक रामेश्वर जांगड़ा ने रंगे हाथ दबोचा तो दूसरे बदमाश ने मकान मालिक की पीठ पर गोली दाग दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या की वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने कॉलोनी के ही 2 अन्य घरों से जेवरात व नकदी पर हाथ साफ किया तथा तहसील परिसर के सामने स्थित फोटो स्टेट की दुकान पर चोरी की कोशिश भी की।
विज्ञापन


बेटों के कमरे की लगा दी कुंडी
जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार अल सुबह करीब 2 बजे वकील कॉलोनी की है। मुख्य बाजार में इलेक्ट्रॉनिक्स का काम करने वाले रामेश्वर जांगड़ा रोजाना की तरह परिवार के साथ घर पर सोए हुए थे।

इसी बीच दो नकाबपोश बदमाश उनके घर में दाखिल हुए और अलग-अलग कमरों में सो रहे उनके दोनों बेटों के कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी ताकि पकड़े जाने पर भागने में उन्हें कोई परेशानी ना हो।

इसके बाद चोर रामेश्वर के कमरे में घुसे और चोरी करने लगे। चोरों ने अलमारी खोली तो उसका शोर सुनकर रामेश्वर और उनकी पत्नी फूली देवी की आंख खुल गई।

रामेश्वर ने वारदात के दौरान हिम्मत जुटाई और दो में से एक बदमाश को रंगे हाथ दबोच लिया। पकड़े जाने के डर से दूसरे बदमाश ने रामेश्वर पर पिस्तौल तान दी और उसकी पीठ पर गोली से वार कर दिया।

गोली लगने से रामेश्वर जांगड़ा बेहोश होकर जमीन पर गिर गया और बदमाश तुरंत मौके से फरार हो गए। इसके बाद उनके साथ कमरे में मौजूद उनकी पत्नी फूली देवी मदद के लिए चिल्लाई और बेटों के कमरों की कुंडी को खोला।

शोर सुनकर पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंचे और रामेश्वर को उपचार के लिए यहां के अस्पताल में दाखिल करवाया लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

भिवानी एसपी प्रतीक्षा गोदारा मौके पर पहुंची
वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया और पुलिस चोरों की धर पकड़ के लिए सक्रिय हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए भिवानी की एसपी प्रतीक्षा गोदारा सिवानी पहुंची और घटनास्थलों का जायजा लेने के बाद पीड़ित परिवार के लोगों से भी बातचीत की।

इस दौरान एसपी ने सिवानी पुलिस सहित जिला के बहल, बौंद कलां व सीआईए स्टाफ दादरी की टीम बनाकर बदमाशों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के आदेश दिए। इस दौरान लोगों ने रात्रि गश्त के लिए सिवानी में पीसीआर की एक गाड़ी व पुलिस स्टाफ की संख्या भी बढ़ाने की मांग की।

एक ही रात में 4 जगहों पर चोरी
चोरों ने इससे पहले कॉलोनी की सुषमा रानी के घर से सोना और नकदी, हरदत्त नेहरा के घर का ताला तोड़ रुपये चोरी कर लिए।

तहसील परिसर के सामने स्थित फोटो स्टेट की एक दुकान का ताला तोड़ कर वहां भी चोरी का प्रयास किया। एक ही रात में 4 जगहों पर चोरी और हत्या की इस वारदात के बाद पूरा शहर दहल गया।

सूचना मिलने के बाद पुलिस में भी हड़कंप मच गया। इसी बीच जिला मुख्यालय से पुलिस की एक्सपर्ट टीम ने घटना स्थल का मुआयना किया और फिंगर प्रिंट लिए। आशंका जताई जा रही है चोरी और हत्या में एक ही गिरोह के बदमाशों का हाथ है।
विज्ञापन


बदमाशों का जल्द लगेगा सुराग : एसपी गोदारा
इस बारे में भिवानी की एसपी प्रतीक्षा गोदारा का कहना है कि पुलिस इस मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है। इस हादसे के बाद से पुलिस की कई टीमों को बदमाशों के पीछे लगा दिया गया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। कुछ सुराग हाथ लगे हैं, जल्द ही घटना का पटाक्षेप कर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें