हरियाणा के हिसार जिले के गांव खासा महाजन गांव के युवक के साथ रुपयों के लेनदेन को लेकर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के सिक्योरिटी गार्ड ने अपने पिस्तौल से फायरिंग कर दी। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में भर्ती करवाया गया, जहां से चिकित्सकों ने युवक की गंभीर हालात को देखते उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उधर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में खासा महाजन निवासी बलवान सिंह ने बताया कि उसका भाई संजय की गांव के समीप अग्रोहा मार्ग पर चाय की दुकान है। वह और उसका भाई शनिवार रात अपने चाय के खोखे पर बैठे थे। रात करीब 11 बजे अग्रोहा निवासी सुशील कुमार उसके भाई के पास आया और उसके भाई के साथ रुपयों के हिसाबकिताब को लेकर झगड़ा करने लगा।
उसके भाई ने झगड़े का विरोध किया तो उसने अपना पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी। उसका भाई हाथ व पेट में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसने शोर मचाया तो आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। घायल को मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में भर्ती करवाया गया। मेडिकल कॉलेज के सीएमओ डॉ. राकेश शर्मा ने बताया कि घायल की हालत गंभीर होने से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
आज करेंगे कोर्ट में पेश
जांच अधिकारी एसआई जयवीर सिंह ने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।