मुकलान और भेरिया के बीच सोमवार की रात को तीन लुटेरों ने गन प्वाइंट पर एलआईसी एजेंट राजेंद्र से साढ़े 9 हजार रुपये व दो मोबाइल लूट लिए। लुटेरों ने काफी दूर तक एलआईसी एजेंट का पीछा भी किया। फिर बाइक के सामने बाइक लगा कर उसे रोक लिया। उन्होंने एजेंट के साथ मारपीट की और कनपटी पर गन लगाकर रुपये व अन्य कीमती सामान निकाल लिया। वारदात के बाद तीनों लुटेरे बाइक पर शहर की तरफ भाग निकले। एलआईसी एजेंट ने किसी तरह घर पहुंचकर परिजनों को पूरा मामला बताया। बाद में परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित राजेंद्र के भाई लैंड वेलुएशन ऑफिसर पुरुषोत्तम पंघाल ने बताया कि रात करीब साढ़े आठ बजे वारदात हुई थी। तीन युवक एक बाइक कुछ समय से पीछा कर रहे थे। उन्होंने भेरियां गांव के नजदीक उनकी बाइक के सामने बाइक लगाकर रोक लिया। पीछा करते समय भी वे गोली मारने की धमकी देकर उन्हें रोकने की कोशिश की। मगर भाई ने बाइक तेज भगा ली। बाइक रुकवाने के बाद दो युवक बाइक से उतरे और तीसरा युवक बाइक को स्टार्ट रखे हुए था। बाइक से नीचे उतरते ही उन्होंने एलआईसी एजेंट के साथ मारपीट करने लगे और कनपटी पर बंदूक लगाकर साढ़े 9 हजार रुपये की नकदी व दो मोबाइल लूट लिए। वारदात के बाद राजेंद्र सहमा हुआ घर पहुंचा। उन्होंने अपनी पत्नी का फोन लेकर भाई पुरुषोत्तम के पास कॉल की। लैंड वेलुएशन ऑफिसर ने एसपी को फोन कर मामले की सूचना दी और तोशाम से मौका स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने नाकाबंदी करवाई मगर लुटेरे हाथ नहीं लगे।
लुटेरों ने सुबह की पुरुषोत्तम के पास मिस कॉल
लुटेरों ने सुबह पीड़ित के भाई पुरुषोत्तम के पास लूटे गए मोबाइल नंबर से मिस कॉल कर दी। अब ये गलती से की गई कॉल पुलिस के लिए लुटेरों तक पहुंचने के लिए कड़ी जुड़ गई। पुलिस ने लोकेशन निकलवाई तो यह लुदास की मिली। सीआईए टीम ने लुदास से कुछ संदिग्ध युवकों को उठाया है। पुलिस अभी युवकों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस को शक
पुलिस को शक है कि 8 व 9 दिसंबर को हुई भिवानी जेल वार्डर व सीसवाल के एक अन्य व्यक्ति से हुई लूट भी इन युवकों ने की है। तीनों वारदात में युवकों ने एक ही अंदाज अपनाया है। वारदात करने वाले भी हर बार तीन ही युवक शामिल थे। बोलचाल की भाषा भी इन युवकों की लोकल ही लग रही थी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि युवक तोशाम बाईपास या फिर बालसमंद रोड से कभी बगला रोड पर कभी बालसमंद रोड, राजगढ़ रोड पर राहगीरों को अपना निशाना बना रहे थे।