रेलवे ऑनलाइन परीक्षा में दो युवकों को दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया है। पुलिस ने फर्जी अभ्यर्थी बनकर आए दोनों युवकों सहित कुल तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इस बार पुलिस को एक युवक के स्थान पर एग्जाम दे रहे युवक के साथ असल अभ्यर्थी भी मौके पर ही मिल गया। वह युवक कॉलेज टॉयलेट में डेढ़ घंटे तक छिपा रहा। फर्जी अभ्यर्थी बनकर एग्जाम दे रहे युवक की पोल खुलने पर उसने असली अभ्यर्थी की तरफ इशारा कर दिया। एग्जाम सेंटर इंचार्ज ने तीनों युवकों को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
ओम इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर पुलित गोयल ने बताया कि रेलवे की नॉन टेक्निकल पद पर भर्ती की ऑनलाइन परीक्षा चल रही है। परीक्षा केंद्र में मंगलवार को दो अभ्यर्थियों के स्थान पर उनके साथी एग्जाम देते पकड़े गए। इनमें से एक असली अभ्यर्थी भी मौके पर ही मिल गया। वह टॉयलेट सीट पर बैठा हुआ था।
दोनों के पास थे एडमिट कार्ड, कर गए गेट से एंट्री
कॉलेज स्टाफ ने बताया कि दोनों के पास एक ही एडमिट कार्ड था। दोनों ने एडमिट कार्ड के जरिए बारी बारी एंट्री की। इसके बाद पहले असल युवक सीट पर बैठ गया। दूसरा साथी टॉयलेट में छिप गया। कुछ देर बाद असल युवक टॉयलेट का बहना बनाकर वहां जाकर बैठ गया और फर्जी अभ्यर्थी उसके एग्जाम सीट पर जाकर बैठ गया। ड्यूटी दे रहे स्टाफ को शक हुआ तो दोनों युवक पकड़े गए। इसी तरह एक और अन्य युवक भी दूसरे के स्थान पर एग्जाम देते हुए पकड़ा गया।
दोनों भाई भेजे न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने रेलवे भर्ती बोर्ड की विभिन्न पदों की एंट्रेस परीक्षा में एक दूसरे की जगह देते पकड़े गए दो भाइयों भिवानी के गांव धनाना के योगेश और राकेश को मंगलवार को अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। एक भाई दूसरे की जगह पेपर देने पहुंचा था। ओम इंस्टीट्यूट में चल रही परीक्षा में यह घपला पकड़ा गया था। स्टाफ ने बनियान में चिपकाई गई ब्लूटूथ के साथ परीक्षार्थी को पकड़ा था। पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया था।