गांव नियाणा में बाइक सवार युवकों ने बुधवार सुबह 52 वर्षीय किसान सरजीत पर गोलियां चला दीं। एक गोली सरजीत की हथेली के आरपार हो गई और उसके शरीर पर छर्रे लगे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नियाणा के जयबीर ने बताया कि उसका भाई सरजीत बुधवार सुबह करीब पौने सात बजे भैंस को जोहड़ में पानी पिलाकर उसे बणी में बांधने जा रहा था। लौटते हुए दो बाइक पर गांव का संदीप और पांच-छह युवकों ने रास्ते में सरजीत को घेर लिया और गोलियां चला दी।
सरजीत ने अपना बचाव करते हुए पिस्तौल पकड़नी चाही तो एक गोली हथेली को चीरकर आरपार निकल गई और दूसरी गोली से उसके शरीर पर छर्रे लगे। शोर मचाने पर हमलावर फरार हो गए। बाद में सरजीत को एक वाहन का बंदोबस्त कर एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया।
पहले हो चुका था पंचायती राजीनामा
ग्रामीणों ने बताया कि 26 अक्टूबर 2013 को सरजीत के बेटे लखविंद्र को गांव के संदीप और दो-तीन अन्य ने चाकुओं से गोदकर गंभीर घायल किया था। उस समय केस दर्ज हुआ था। बाद में समझौते के लिए कई बार पंचायत हुई और पंचायत के कहने पर समझौता कर लिया था।
पिछले साल फिर से उन लोगों ने सरजीत पर हमला किया था। छह महीने पहले फिर से समझौता हुआ था। संदीप वगैरहा ने अब फिर सरजीत को गोलियां मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल के भाई जयबीर ने बताया कि संदीप, सतीश, अजय, मंजीत और दो अन्य ने उसके भाई पर गोलियां चलाई हैं। सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में हत्या प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस किया है।
ठेके पर सेल्स एजेंट को मारी गोलियां
हिसार। पनिहार चक्क गांव के देसी शराब के ठेके पर तीन युवकों ने गोलियां मारकर कैश कलेक्शन एजेंट सिवानी निवासी संतलाल को घायल कर दिया। एजेंट को तीन गोलियां दोनों पांवों में लगी। बाद में हमलावर फरार हो गए। घायल एजेंट को एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
हमले के पीछे शराब ठेकेदारों की आपसी कहासुनी सामने आ रही है। पुलिस ने हमले के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार 53 वर्षीय संतलाल बुधशैली गांव के शराब ठेकेदार देवेंद्र के पास ठेकों पर कैश कलेक्शन एजेंट लगा है। परिजनों का कहना है कि बुधवार सुबह आठ बजे संतलाल चौधरीवास गांव के शराब ठेके पर कैश लेने के बाद पनिहार चक्क गांव में शराब ठेके पर कैश लेने गया था।
इसी दौरान वहां बाइक पर तीन युवक आए। तीनों युवकों ने गोलियां चलानी शुरू कर दी। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। बाद में पता चला कि संतलाल के दोनों पांवों में गोलियां लगी है। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में लाया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस वारदात स्थल पर पहुंची और मामले की जांच की। घायल संतलाल का कहना है कि उनकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं है। गोली क्यों चलाई इस बारे में उसे कुछ नहीं पता। अस्पताल परिसर में घायल के परिचित कह रहे थे कि दो शराब ठेकेदारों के बीच ठेकों को लेकर खींचतान चल रही है, जिसके चलते ठेके पर गोली चलाई गई है।