हिसार के गांव धांसू में मतगणना के दौरान सरपंच पद के प्रत्याशियों के समर्थकों ने पथराव करते हुए गाडियों के शीशे तोड़ दिए। बीच बचाव करने आए कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं।
हालात काबू करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, आंसू गैस के गोले छोड़े व हवाई फायरिंग की। लेकिन भीड़ की ओर से भी फायरिंग करने की सूचना मिली है। एसपी अश्विन शेणवी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। देर रात तक गांव में माहौल तनावपूर्ण बना था।
धांसू गांव में सरपंची पद के लिए 14 उम्मीदवार मैदान में थे। महाबीर खिलेरी और मनोहर भाकर के बीच कांटे का मुकाबला था। दो प्रत्याशी ही स्कूल के अंदर बैठे हुए थे।
13 और 14 नंबर बूथ खुलने से पहले महाबीर खिलेरी 64 वोटों से आगे चल रहे थे। इसी दौरान रिटर्निंग ऑफिसर ने कहा कि अभी दो बूथ की गणना नहीं हुई है। लेकिन अभी तक महाबीर 64 वोटों से आगे चल रहे है।
गलतफहमी के चलते महाबीर के समर्थकों को पता चला कि महाबीर सरपंच का चुनाव जीत गए है और खुशी मनानी शुरू कर दी। इस बीच एक प्रत्याशी को बाहर निकालने की बात सामने आई, जिस पर प्रत्याशी के बाहर खड़े समर्थकों ने वहां खड़ी गाड़ी को निशाना बनाया।
बीच बचाव करने आई पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई। हालात काबू करने के लिए भारी पुलिस फोर्स गांव पहुंची। समर्थकों ने पुलिस पर ही पथराव करना शुरू कर दिया। पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े। जबावी कार्रवाई करते हुए हवाई फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के कई जवानों को चोटें आई।
गांव धांसू में चुनाव परिणाम घोषित करने के बाद भी रात के समय तनाव रहा। पुलिस की टीम रात भर गांव में गश्त करती रही।
पुलिस ने ईवीएम मशीनों को सील कर हिसार महाबीर स्टेडियम में रखवा दिया है। देर रात परिणाम घोषित करते हुए मनोहर भाकर को विजेता सरपंच किया गया।
दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच जिस समय टकराव चल रहा था कि उस दौरान दोनों प्रत्याशी रिटर्निंग ऑफिसर के साथ एक कमरे में बंद थे। दोनों के समर्थकों ने किसी को भी बाहर नहीं निकलने दिया।
देर रात तक जब कि स्थिति कंट्रेल में नहीं हुई दोनों प्रत्याशी कमरे के अंदर ही थे। पहले लोगों और बाद में पुलिस और लोगों के बीच हुए टकराव के बाद से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है। रात का समय होने के कारण पुलिस चप्पे-चप्पे पर निगरानी में लगी हुई थी। पुलिस के अाला ऑफिसर मौके पर पहुंचे हुए थे।
देर रात पुलिस ने ईवीएम मशीनों को मौके से निकालकर हिसार महाबीर स्टेडियम में रखा गया है। इस रिकार्ड को पूरी तरह से सील करके रखा गया है। चुनाव अधिकारियों ने गांव में मनोहर भाकर को सरपंच घोषित किया।
पुलिस अधीक्षक अश्विन श्ाैणवी ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस के कुछ जवानों को चोट आई हैं। कितने लोगों को कितनी चोट लगी है यह अभी नहीं बताया जा सकता।
उन्होंने कहा कि भीड़ की ओर से पथराव किया गया था। जिसे पुलिस ने बेहद अच्छे तरीके से हेंडल किया। भीड़ को काबू करने के लिए जो नियम हैं हमने उसको अपनाया।