हिसार के सेक्टर-15 की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी फाइनेंसर निशांत के घर से दिनदहाड़े उनका नौकर अलमारी और मंदिर में रखे 27 लाख 75 हजार रुपये और साढ़े तीन तोले का सोने का कड़ा चुरा ले गया। बुधवार को वारदात के समय मकान मालिक परिवार के साथ सालासर धाम में सवामणी लगाने गया हुआ था। वीरवार को पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया था। शुक्रवार को पुलिस ने जवाहर नगर निवासी शंभू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
नानी घर आई तो घटना का पता चला
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-15 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी मकान नंबर 1003ए निवासी निशांत ने बताया कि वह मन्नत पूरी होने के बाद परिवार के साथ सालासर में सवामणी लगाने के लिए गया था। घर पर नानी रेशमा देवी और उनका पोता देव सोए थे। सुबह साढ़े छह बजे नानी उठ कर अपने घर चली गई।
उनके जाने के बाद साढ़े आठ बजे मामा अजीत घर पर आए और देव को ले गए। जाने से पहले वह दरवाजे पर ताला लगा गए। दोपहर साढ़े बारह बजे नानी घर पर आई तो उसने देखा कि ताला टूटा पड़ा है और कमरे में सामान बिखरा है। नानी ने फोन कर चोरी की सूचना दी।
घर आकर सामान संभाला तो अलमारी और मंदिर में रखे 27 लाख 75 हजार रुपये और साढ़े तीन तोले का सोने का कड़ा गायब था। निशांत ने बताया कि कुछ समय पहले कैमरी मार्ग पर फार्म हाउस खरीदा था। उसकी पेमेंट देने के लिए रुपये घर पर रखे थे।
शक होने पर नौकर से पूछताछ तो कुबूली वारदात
निशांत का कहना है कि करीब 15 साल से जवाहर नगर निवासी शंभू उसने घर नौकर का काम कर रहा है। घर के अलावा ऑफिस में भी वही काम करता है। घर पर कहां रुपये रखे हैं, उसे सब पता था। पुलिस ने जब शंभू से सख्ती से बात की तो उसने कुबूल किया कि अलमारी और मंदिर से उसी ने नकदी चुराई है।
पूछताछ में खुलासा किया कि सुबह दरवाजे का ताला तोड़ा और फिर वारदात की। किसी को शक न हो और मामला चोरी का लगे तो घर के अंदर रखा हुआ बिखरा दिया। कोर्ट कांप्लेक्स पुलिस चौकी इंचार्ज हरीश ने बताया कि चोरी की वारदात को सुलझाते हुए आरोपी नौकर शंभू को गिरफ्तार कर लिया है।
ये बड़ी वारदात अनसुलझी
नौकरानी नशीला पदार्थ पिलाकर ले गई थी 25 तोला सोना
पड़ाव चौक के पास रहने वाले एडवोकेट हरिसिंह यादव के घर 15 फरवरी को चोरी की वारदात हुई थी। घटना को अंजाम घर में काम करने वाली नौकरानी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर दिया था। चोरी करने से पहले नौकरानी ने ज्यूडिशियल की तैयारी कर रहे सुधीर उर्फ सन्नी को चाय में नशीला पदार्थ पिला दिया था।
इसके बाद अलमारी से पांच लाख रुपये और 25 तोला सोना चोरी कर फरार हो गई थी। नौकरानी बिहार निवासी मीना करीब बीस साल से उनके घर काम करती थी। गांव जाने से पहले मीना ने ही तुलसी को यहां पर काम पर रखा था। पुलिस अभी तक इस वारदात को नहीं सुलझा पाई है।
सेक्टर-13 से चोरी हुए थे 35 हजार डॉलर
सेक्टर-13 की दस नंबर कोठी में 17 अगस्त 2021 को चोरी की वारदात हुई थी। चोर खाली प्लॉट से दीवार फांद कर अंदर आए और वारदात को अंजाम दिया। मकान मालिक ज्ञानदीप सेवार्थ आश्रम के संचालक राजेश्वरानंद महाराज ने बताया था कि उनकी बेटी सुकिता ऑस्ट्रेलिया में पढ़ रही है। बेटा अरुण हिसार से लॉ कर रहा है। बेटी ने फीस जमा करवाने के लिए अलमारी में 35 हजार डॉलर रखे थे। चोरों ने मकान के सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए थे। चोर घर से अंदर अलमारी से 35 हजार डॉलर, 40 हजार रुपये और सोने के आभूषण चुरा ले गए थे। पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।