हरियाणा के हिसार में राजगढ़ रोड स्थित दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम कार्यालय की लाजपत नगर स्थित जमीन पर कब्जे को लेकर शुक्रवार सुबह डीएसपी गीतिका जाखड़ के परिजनों व बिजली निगम के कर्मचारियों में तीखी झड़प हो गई। इस दौरान गीतिका की मां ऊषा और बिजली निगम कर्मचारी रंजना, आरजू व एक अन्य कर्मी को हल्की चोटें आई हैं। बिजली निगम के एसडीओ रविंद्र की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने गीतिका की मां ऊषा, पिता सत्यवीर, भाई नायब तहसीलदार बलराम जाखड़ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सत्यवीर जाखड़ ने बिजली निगम की 13 मरले जमीन पर कब्जा करके तारबंदी कर ली। हमने कई बार तार हटाने के लिए कहा लेकिन उन्होंने तार नहीं हटाए। जिला प्रशासन को पत्र लिखकर पूरे मामले से अवगत करवाया। शुक्र्तवार को बिजली निगम ने पुलिसबल की मौजूदगी में सरकारी जमीन पर किया गया कब्जा हटवाया। दीवार का निर्माण कर दिया गया।
शुक्र्तवार को खसरा नंबर 1362 की रजिस्ट्री, इंतकाल नंबर हमारे पास है। 7 सितंबर को ही तहसीलदार ने मुआयना कर पैमाइश की थी। इसमें हमारी जमीन निकली। बिजली निगम ने जबरदस्ती जमीन पर कब्जा किया और कर्मचारियों ने हमारे साथ मारपीट की। - सत्यवीर जाखड़, गीतिका जाखड़ के पिता
बिजली निगम के एसडीओ रविंद्र कुमार की शिकायत पर हमने सत्यवीर, बलराम व ऊषा के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने, मारपीट करने सहित अन्य आरोपों में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। - दलबीर सिंह, सिविल लाइन थाना प्रभारी हिसार
सत्यवीर जाखड़ ने बिजली निगम की जमीन पर कब्जा कर लिया था। शुक्र्तवार को दीवार का निर्माण करने गए थे तो उन्होंने विरोध किया। हमने पहले भी पुलिस में शिकायत दी है। - विजेंद्र लांबा, कार्यकारी अभियंता, डीएचबीवएन
पीएलए पुलिस चौकी में शिकायत दी है, बिजली निगम के कर्मचारियों ने हमारी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। हमने रोकने का प्रयास किया तो हम पर हमला कर दिया। मेरे घुटने में चोट आई है। इस कारण मैं ठीक से चल भी नहीं पा रही हूं। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। - उषा देवी, डीएसपी की मां