ग्रुप डी के लिए संयुक्त पात्रता परीक्षा के पहले दिन दो पालियों में परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। हिसार, भिवानी, सिरसा, फतेहाबाद में परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। हिसार जिले में छह और सिरसा में एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया। वहीं सिरसा में ओएमआर शीट बदलने का मामला भी सामने आया है।
हिसार जिले के हांसी में तीन, उकलाना में एक, आदमपुर में एक, बगला रोड स्थित केंद्र में एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया। जिले में 69 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जिसमें हिसार में 54 तथा हांसी में 15 केंद्र बनाए गए। दो सत्र में करीब 42 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी है। सिरसा जिले में पहले सत्र की सीईटी ग्रुप डी परीक्षा में 38 परीक्षा केंद्रों पर 9,844 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
जिनमें 3701 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। विभाग की ओर से एक परीक्षा केंद्र को बाद में कैंसिल कर दिया गया था। इतना ही नहीं, एक सेंटर में सीट ओएमआर शीट बदलकर ले जाने का मामला सामने आया है। साथ ही शाम की पाली में एक फर्जी परीक्षार्थी भी पकड़ा गया।
चरखी दादरी जिले में परीक्षा केंद्र नहीं था, लेकिन दादरी डिपो से 124 बसों का संचालन किया गया। इन बसों ने करीब 6500 परीक्षार्थियों को 6 जिलों के केंद्रों तक पहुंचाया। 124 में से 24 बसें दादरी डिपो की रहीं, जबकि 100 बसें स्कूलों व सहकारी समिति की हायर की गईं।
फतेहाबाद जिले में 51 परीक्षा केंद्रों पर सीईटी की ग्रुप-डी की दो सत्रों में परीक्षा करवाई गई। प्रात:कालीन सत्र में 16416 परीक्षार्थियों में से 5142 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। इसके अलावा सायंकालीन सत्र में 16416 परीक्षार्थियों में से 5064 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। भिवानी में 28 हजार 328 परीक्षार्थी 49 परीक्षा केंद्रों में पहुंचे।
हिसार में पकड़े छह मामले
हरियाणा के हिसार में ग्रुप डी के लिए संयुक्त पात्रता परीक्षा में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने फेस ऑथिंटिकेशन के जरिए 6 फर्जी परीक्षार्थी पकड़े हैं। जिसमें सबसे अधिक हांसी में तीन परीक्षार्थी पकड़े गए। हांसी में कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। दूसरे के स्थान पर पेपर देने वाले सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
भगत सिंह रोड स्थित एसडी कन्या स्कूल में ग्रुप डी की सीईटी के पहले सत्र में परीक्षा खत्म होने से 20 मिनट पहले परीक्षार्थी को दबोच लिया गया। हिसार के गांव राजली का विकास फतेहाबाद के भूना के गांव सांचला निवासी प्रमोद के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। विकास सिंचाई विभाग में ग्रुप डी की नौकरी कर रहा है। फिलहाल टोहाना में उसकी पोस्टिंग है।
मंडी आदमपुर में वीएम विश्वास स्कूल में शाम के सत्र में एक युवक दूसरे युवक का इग्जाम दे रहा था। आरोपी हरदीप जींद जिले के गांव दनोदा का निवासी है। वह फतेहाबाद के गांव समैण निवासी अजय के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
हिसार के बगला रोड़ स्थित श्रीकृष्ण प्रणामी स्कूल में सुबह के सत्र में भूना के गांव डुल्ट निवासी विनोद को अपने दोस्त जींद के दुर्जनपुर निवासी सचिन की जगह पेपर दे रहा था। दिल्ली एनटीए की ओर से फोन आने के बाद आरोपी के बायोमीट्रिक तथा फोटो का मिलान किया गया ।
हांसी के गढ़ी गांव स्थित आरपीएस स्कूल में शाम के सत्र में युवती दूसरे के स्थान पर पेपर देते पकड़ी गई। उकलाना के चमारखेड़ा निवासी सुमित की पत्नी शारदा शिकारपुर निवासी सुनील की पत्नी कृष्णा के स्थान पर पेपर देते पकड़ी गई है।
हांसी के द ई 5 स्कूल में शाम के सत्र में सोनीपत के गोहाना के बुटाना निवासी नवनीत अपने परिचित भिवानी की दुर्गा कॉलोनी निवासी अमरजीत के स्थान पर परीक्षा देते पकड़ा गया। आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
उकलाना में आरडीएम सरस्वती पब्लिक स्कूल में अनिल को बापड़ोली जिला महेंद्रगढ़ निवासी अपने भाई दिनेश के स्थान पर पेपर दे रहा था। एनटीए की ओर से फोन आने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।