हरियाणा के हिसार में नेशनल राइफल एसोसिएशन आफ इंडिया (एनआरएआई) के नियमों का उल्लंघन कर स्लोवेनिया से कई हथियार आयात करके देश के कई स्थानों पर बेचने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने शूटिंग खिलाड़ी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
आरोपी खिलाड़ी पटेल नगर निवासी चिराग कुमार सरदाना का जिला उपायुक्त ने खेल श्रेणी का शस्त्र लाइसेंस रद्द कर दिया है। उपायुक्त कार्यालय की तरफ विनोद ने इस संबंध में सिविल लाइन थाना पुलिस में शिकायत दी है। उपायुक्त ने एडीसी काे मामले की जांच सौंपी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार चिराग कुमार सरदाना ने 11 जुलाई, 16 अगस्त 2022 को अपने शस्त्र लाइसेंस से 12 बोर गन, एक एनपीबी पिस्तौल, एक एनपीबी रिवॉल्वर, मोजर राइफल और 26 दिसंबर 2022 को मैग्रन रिवॉल्वर को बेचने की अनुमति मांगी।
जब शस्त्रों की खरीद की रसीदों की जांच की तो स्लोवेनिया के किसी बोरिश नामक व्यक्ति से खरीदे हुए मिले और इसी नाम के एक व्यक्ति को डायरेक्टर ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की टीम ने मई 2017 में कुछ नेशनल शूटर के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद प्रशासन ने जांच की तो पता चला कि चिराग कुमार सरदाना ने उपरोक्त सभी हथियार एनआरएआई के नियमों का उल्लंघन करके और कई तथ्यों को छिपाकर बेचे हैं।
इस पर प्रशासन ने चिराग को नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब मांगा और एनआरएआई से चिराग के बारे में जानकारी मांगी। चिराग ने अपने जवाब में एनआरएआई के नियमों की जानकारी न होना बताया है। चिराग कुमार सरदाना ने स्वयं को रिनाउंड शूटर बताया, जबकि वह नहीं है और विदेश से हथियार लाने के लिए कोई परमिट भी नहीं लिया। आरोपी ने स्लोवेनिया से कई हथियार लाकर भारत के कई स्थानों पर बेचे हैं।