अमर उजाला ब्यूरो
हांसी।
गांव कुलाना में भट्ठा मालिक द्वारा पिछले करीब पांच सालों का वेतन और ट्रैक्टर का किराया न दिए जाने से तंग आकर युवा कांग्रेस हांसी के प्रधान के पिता ने सुसाइड कर लिया। राजेश घोड़ेला के पिता रतिराम (56) भट्ठे पर मुंशी का कार्य करते थे। उनका शव कुलाना मोड़ पर भट्ठे के समीप खेत में पड़ा मिला। रतिराम ने सल्फास की गोली खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने भट्ठा स्वामी प्रवीन कुमार गर्ग उर्फ गोरा बाऊ के खिलाफ धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
यह लिखा सुसाइड नोट में
फर्म के लेटर पैड पर सुसाइड नोट में लिखा है कि गोरा बाऊ जी मुझे 2012 से अब तक ट्रैक्टर का पुराना किराया दे रहा है। अब तक मेरे ट्रैक्टर का किराया गोरा बाऊ पांच लाख रुपये खा गया। जब किराया बढ़ाने की बात की तो मेरे को जान से मारने की धमकी दी। सुसाइड नोट में लिखा कि पता नहीं तांत्रिक क्रिया से मेरे पर क्या कर दिया है, मेरा तो घर वालों से बात करने का भी दिल नहीं करता। मेरे ट्रैक्टर का 2012-13 से अब तक का हिसाब अलमारी में रखा हुआ है। जब मैं तनख्वाह और ट्रैक्टर का हिसाब मांगता हूं तो जान से मारने की धमकी देता है। हर साल गोरा बाऊ जी भट्ठे पर तांत्रिक को लेकर आता है, वह मुझ पर टोने-टोटके करवाता है। मेरे मरने का जिम्मेदार गोरा बाऊ प्रवीण कुमार गर्ग है। मेरी 31 साल की कमाई गोरा बाऊ और बंसल फर्म खा गई।
शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आनंद जाखड़ और अन्य कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस से आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मृतक के पुत्र राजेश ने बताया कि सुबह साढ़े सात बजे उनके पिता भट्ठे पर जाने के लिए निकले थे। बाद में भट्ठे से उनके पास फोन आया कि वह अभी तक यहां नहीं पहुंचे हैं। यह सुनकर जब परिजनों ने उनकी तलाश आरंभ की तो उन्हें खेत में रतिराम का शव पड़ा मिला। राजेश ने बताया कि उनके पिता 31 सालों से भट्ठे पर काम कर रहे थे। उनके पिता ने पिछले पांच साल का करीब पांच लाख रुपये भट्ठा मालिक से लेने थे। पैसे न मिलने से तंग आकर ही उनके पिता ने सुसाइड किया है। सिटी थाना प्रभारी उदयभान ने बताया कि भट्ठा मालिक प्रवीण कुमार के खिलाफ धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। मामले की सूचना मिलने पर समाजसेवी डॉ. लवकेश टुटेजा ने भी मौके पर पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।