अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
महिला थाना पुलिस ने हाईवे पर चलते ऑटो रिक्शा में गैंगरेप मामले में सेंट्रल जेल वन में वीरवार को शिनाख्त परेड कराई। पीड़िता ने शिनाख्त परेड में खड़े 12 युवकों के बीच में से झीड़ी के निखिल को पहली नजर में ही पहचान लिया। वह बोली, यही शख्स वारदात के समय ऑटो चला रहा था।
इसके अलावा पुलिस ने गैंगरेप के मुख्य आरोपी 12 क्वार्टर निवासी ऋषि उर्फ मूच्छल और सैनियान मोहल्ला निवासी सचिन को बुधवार रात गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों को देर रात ड्यूटी मजिस्ट्रेट की कोठी पर पेश किया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया। महिला थाने की एसआई मेवा रानी की टीम ने झीड़ी निवासी निखिल को मंगलवार को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी निखिल बुधवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया था। उसने पूछताछ में बताया था कि उन तीनों ने बस अड्डे पर विवाहिता को देखते ही साजिश रच ली थी कि उससे गलत काम करेंगे। वे तीनों साजिश के तहत विवाहिता के अलावा चार अन्य सवारियां बिठाकर कैंट के लिए रवाना हुए थे। अन्य सवारी विद्युत नगर तक की थीं। इससे उनका काम आसान हो गया। सवारियां रास्ते में उतर गई। ऑटो चालक दूसरी सवारी नहीं बिठाते तो शायद महिला ऑटो में सवार नहीं होती। आरोपी साजिश के तहत विवाहिता को ऑटो में बिठाकर रवाना हुए थे। पुलिस की टीम सेंट्रल जेल वन में पहुंची थी। पुलिस ने पीड़िता को भी वहां बुला रखा था। पुलिस ने जेल में निखिल समेत 12 युवकों को लाइन में खड़ा किया। वहां पीड़िता ने निखिल को पहचानते हुए कहा कि यही वो शख्स है, जो वारदात के समय ऑटो चला रहा था।
पुलिस दो और आरोपियों की कराएगी शिनाख्त परेड
पुलिस प्रवक्ता चंद्रभान ने बताया कि फिलहाल आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। तीनों ने अपना जुर्म कबूल किया है। दोनों और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उनका पूछताछ के लिए रिमांड लिया जाएगा और शिनाख्त परेड भी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि निखिल को पड़ाव से गिरफ्तार किया था, जबकि मूच्छल और सचिन को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। ऑटो रिक्शा पहले ही निखिल से बरामद किया जा चुका है। वह ऑटो मूच्छल चलाता था।
यह है मामला
दिल्ली रोड की 27 वर्षीय विवाहिता बरवाला में ब्यूटीपार्लर पर काम करती है। वह सोमवार रात को आठ बजे बस अड्डे पर पहुंची थी। वह बाद में ऑटो में सवार होकर दिल्ली रोड पर जा रही थी। कैंट के पास चालक ने उससे रेप किया था और उसके दो साथियों ने साजिश में साथ दिया था। महिला थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ गैंगरेप का केस दर्ज किया था।