तालाब मिले शव की हुई पहचान, दसवीं का था छात्र
लोहारू। नगर के किराना तालाब के जोहड़ में बीती 5 दिसंबर को मिले युवक के शव की शिनाख्त निकटवर्ती राजस्थान के चिड़ावा कस्बे के निवासी सिद्धार्थ (15) के रूप में हुई है।
शुक्रवार को मृत युवक के पिता प्रमोद जोशी और उसके मामा राजेश कुमार ने लोहारू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंच कर शव की पहचान की। लोहारू पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों का सौंप दिया।
गौरतलब है कि 5 दिसंबर की सुबह लोहारू पुलिस को लोहारू के पिलानी रोड पर स्थित किराना तालाब के जोहड़ में बनी एक खाई में एक अज्ञात युवक का शव बरामद मिला था। शव की पहचान छिपाने के लिए किशोर के चेहरे को पत्थर से कुचला हुआ था। पुलिस से मौके से ही खून से सना पत्थर और टूटी हुई कांच की बोतल के टुकड़े बरामद किए थे। पुलिस ने इस घटना का मामला दर्ज कर शव को लोहारू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखवा दिया था। छह दिसंबर को पोस्टमार्टम चिकित्सकों के बोर्ड ने करवाया था। शुक्रवार सुबह मृत युवक के पिता प्रमोद जोशी एवं मामा राजेश कुमार ने लोहारू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंच कर शव की पहचान की। सालासर में हलवाई का काम करने वाले मृत युवक का पिता प्रमोद जोशी ने बताया कि उसका 15 वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ 4 दिसंबर को सुबह दोस्तों के साथ बारात में जाने की बात कह कर घर से निकला था, उसके बाद वह घर नहीं लौटा। उन्होंने बताया कि सिद्धार्थ चिड़ावा कस्बे के एक निजी स्कूल में दसवीं कक्षा का छात्र था तथा पढ़ाई में अच्छा था। लोहारू पुलिस ने मृतक सिद्धार्थ के परिजनों से मामले से जुड़े पहलुओं के बारे में जानकारी ली है।
पुलिस ने चिड़ावा जाकर दी दबिश
लोहारू के एसएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि 5 दिसंबर को बरामद शव की पहचान चिड़ावा निवासी सिद्धार्थ के रूप में होने के बाद तथा मृतक के परिजनों के बयानों के बाद पुलिस ने शुक्रवार को चिड़ावा जाकर मामले से जुड़ी कडिय़ां को तलाशने की कोशिश की है और पुलिस को जल्द ही सफलता मिलने के आसार है। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार ने शुक्रवार को थाना प्रभारी प्रकाश चंद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चिड़ावा जाकर मामले की छानबीन की है।