अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सेक्टर-13 पी निवासी हॉर्टिकल्चर डिपार्टमेंट के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. आत्म प्रकाश के नौ वर्षीय बेटे आरुष का बाइक सवार दो युवकों ने घर के आगे से किडनैप कर लिया। बाद में बाइकर कुछ दूरी पर रेलवे लाइन के पास कोई आदमी देखकर बालक को फेंककर फरार हो गए। सिविल लाइन पुलिस ने दो अज्ञात के खिलाफ किडनैप का केस दर्ज किया है।
सिरसा एरिया में तैनात बहबलपुर निवासी डॉ. आत्म प्रकाश ने बताया कि उनके मकान नंबर 699 के सामने पार्क है। उनकी एक बेटी और एक बेटा है। करीब 12 बजे उनका बेटा आरुष घर के सामने पार्क में चार-पांच बच्चों के साथ खेल रहा था। तभी उसकी मम्मी कविता गली में निकली और आरुष को घर आने के लिए पुकारा। आरुष बाहर आने लगा और उसके साथ खेल रहे बच्चे दूसरी दिशा में पार्क से निकलने लगे। उसकी मम्मी ने अंदर आकर कुछ देर इंतजार किया, लेकिन बेटा घर नहीं पहुंचा। उन्होंने बाहर देखा तो वह न तो गली में था और न पार्क में था। इस पर उनको चिंता हुई। डॉ. आत्म प्रकाश ने बताया कि उनकी पत्नी बेटे को ढूंढती हुई रेलवे लाइन की तरफ गई तो वह कुछ देर बाद श्मशानघाट की तरफ से रोता हुआ आता मिला। उसके बाद वह बेटे को लेकर घर पहुंची। डॉ. आत्म प्रकाश ने बाद में सिविल लाइन थाने में शिकायत दी। उन्होंने बताया कि उनकी किसी से रंजिश नहीं है। पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ किडनैप का केस दर्ज किया है।
मुझे दो नकाबपोश उठाकर ले गए थे : आरुष
चौथी में पढ़ने वाले आरुष ने अमर उजाला टीम को बताया कि वह घर के निकट पहुंचा तो काले रंग की बाइक पर सवार दो युवक रुमाल से मुंह ढांपे हुए मिले। एक युवक बाइक पर बैठा रहा और पीछे वाले युवक ने उतरकर उसकी कमर में कोहनी मारी और मुंह बंद कर उसे बीच में बाइक पर बिठा लिया। फिर वे श्मशानघाट की तरफ ले गए। वहां रजबाहे के पास एक आदमी हाथ में दूध की थैली लेकर आ रहा था। वे उस आदमी को देखकर उसे सड़क पर फेंककर फरार हो गए, जिससे उसकी दाएं हाथ की कोहनी और पैरों पर चोट लगी। पुलिस ने अपहरणकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी है।
डिप्टी डायरेक्टर के बेटे का किडनैप, रेलवे लाइन के पास फेंककर फरार
सिरसा में तैनात हैं बहबलपुर निवासी डॉ. आत्म प्रकाश