अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
कोर्ट परिसर में थुराना के बिट्टू पहलवान की हत्या करने के इरादे से अपने गांव बालसमंद के भादरा अड्डे पर आए 50 हजार के इनामी बदमाश विकास को सीआईए टू की टीम ने बुधवार शाम को धर दबोचा। वह मोस्टवांटेड विनोद काणा के लिए काम करता है। उसने बताया कि वीरवार को बिट्टू की कोर्ट में पेशी थी। पुलिस को वह छह केसों में वांछित था।
सीआईए टू ऑफिस में वीरवार को डीएसपी सिद्धार्थ ढांडा ने एक प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि बुधवार शाम को सीआईए टू इंचार्ज इंस्पेक्टर कप्तान सिंह की टीम ने बालसमंद में छापा मारकर विकास निवासी बालसमंद को एक अवैध पिस्तौल और दो कारतूस समेत गिरफ्तार कर लिया। उसने पूछताछ में बताया कि वह विनोद काणा का साथी है और उसने काणा के कहने पर बिट्टू पहलवान का कोर्ट परिसर में 10 अगस्त को मर्डर करना था। काणा की थुराना के बिट्टू और अजीत से दुश्मनी है। वांछित को पकड़ने वाली टीम में ईएसआई भूपसिंह, ईएएसआई राजकुमार, ईएचसी रमेश कुमार, ईश्वर सिंह, सिपाही अनिल कुमार और सरकारी गाड़ी का चालक शमशेर सिंह शामिल हैं।
पुलिस ने रखा था 50 हजार का इनाम
पुलिस ने विकास की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा था। पुलिस ने विकास को हत्या के एक मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हत्या के उस मुकदमे में तीन साल पहले पंजाब एंड हरियाणा उच्च न्यायालय ने आरोपी विकास की जमानत मंजूर कर ली थी। उसके बाद वह फरार हो गया था।
फोटो 19
कोर्ट में पेशी के दौरान हत्या को अंजाम देने की रची थी साजिश