फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस काटती रही वाहनों के चालान, टूट गये चार दुकानों के ताले

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूूरो
विज्ञापन

हिसार। नाइट डोमिनेशन चलाते हुए जिले की 80 प्रतिशत फोर्स शुक्रवार रात दस से चार बजे तक सड़कों पर थी। करीब 4:20 से 4:40 बजे के बीच दो चोरों ने चार दुकानों के तोड़कर चोरी कर ली। बिना नंबर की बाइक पर आए चोरों की यह करतूत सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है।
पुलिस को दी शिकायत में पुरानी अनाज मंडी में रिचा किराणा स्टोर के मालिक राकेश सिंगल ने बताया कि वह सुबह पांच बजे सैर पर जाने के लिए निकले थे। जब वह दुकान के पास पहुंचे तो देखा कि शटर के दोनों ताले टूटे हुए हैं। अंदर चेक किया तो गल्ला तोड़कर पांच हजार रुपये की चोरी होने की जानकारी मिली।
विज्ञापन

दूसरी वारदात खल बिनौला की दुकान करने वाले राकेश अग्रवाल ठसका वाले की दुकान पर हुई है। चोरों ने दुकान के दो ताले तोड़कर अंदर गल्ले से दो हजार रुपये चोरी कर लिए। चोरों ने दुकान में लगी एलईडी को भी उखाड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। चोरों ने एग्रीकल्चर स्टोर गोयल ट्रेडर्स को अपना निशाना बना लिया। दुकान के बाहर लगा ताला तोड़ दिया। दुकान का शटर भारी होने के कारण चोर कामयाब नहीं हो सके। इसके बाद चोरों ने साथ वाली दुकान हरिओम ट्रेडर्स का ताला तोड़कर वहां से तीन हजार रुपये चोरी कर लिए।

पूरी घटना तीन सीसीटीवी में रिकॉर्ड
यह वारदात मार्केट की दुकानों में लगे तीन सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। रिकॉर्डिंग में दिख रहा है कि शनिवार अल सुबह साढ़े चार बजे एक रिक्शा चालक मंडी से चौक की तरफ जा रहा है। उसके चौक पर पहुंचते ही काले रंग की पल्सर बाइक पर दो युवक आते हैं। इन युवकों ने अपने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ है। हाथों में दो लोहे की रॉड, दो छोटे-बड़े पेचकस व एक टॉर्च ली हुई है। साढ़े चार बजे दोनों अपनी बाइक रिचा किराणा स्टोर के आगे खड़ी करके रॉड से ताला तोड़ने लग जाते हैं। ताला तोड़ने के बाद एक युवक अंदर घुस जाता है। दूसरा बाइक पर मंडी में चक्कर लगाने लगता है। अंदर घुसा युवक पेचकस से काउंटर का ताला तोड़कर नकदी चोरी करके बाहर आ जाता है। शटर बंद कर देता है। दोनों युवक बाइक पर चौराहे की तरफ चले जाते हैं। सीसीटीवी में कैद घटना के अनुसार युवकों के पास बिना नंबर प्लेट की काले रंग की पल्सर बाइक है। युवक लाल रंग की धारीदार शर्ट व नीले रंग की जींस-पेंट पहने हुए हैं।

सुबह छह बजे पुलिस को किया सूचित, 11 बजे पहुंची
दुकानदारों को सुबह पांच बजे चोरी हो जाने का पता चल गया। सुबह छह बजे पुलिस को इस बात की शिकायत दे दी गई, लेकिन पुलिस 11 बजे मौके पर पहुंची। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट ने मौके से निशान लेने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने हाथों में दस्ताने पहने हुए थे।

1832 वाहन जांचे तो बिन नंबर की बाइक पर कैसे आए चोर
पुुलिस रात को 10 से चार बजे तक नाइट डोमिनेशन चला रही थी। पुुलिस ने इस दौरान हर नाके, चौक-चौराहे पर करीब 1832 संदिग्ध वाहनों को चैक किया। उसके बावजूद बिना नंबर की बाइक पर, गर्मी के मौसम में चद्दर ओढ़े, हाथों में दस्ताने पहने हुए नकाबपोश युवक मार्केट तक कैसे पहुंच गए। दोनों ने अपने पास लोहे की दो रॉड, एक टॉर्च व एक लठ भी लिया हुआ था।
विज्ञापन


रॉड से ताला तोड़कर हो चुकी हैं 12 से अधिक वारदात
शहर में रॉड से ताला तोड़कर चोरी की दर्जन भर वारदात हो चुकी हैं। सात अगस्त को कार सवार युवकों अलग-अलग जगहों पर सात दुकानों के रॉड से ताले तोड़कर हजारों का सामान चोरी कर लिया था। इसके बाद 21 अगस्त को चोरों ने इसी तरीके से मोती बाजार में तीन दुकानों के ताले तोड़कर हजारों का सामान चोरी कर लिया। चोरों द्वारा उन्हीं मार्केट को निशाना बनाया जा रहा है, जहां रात को कोई चौकीदार नहीं होता।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें