हिसार। ऑनलाइन ठगी के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। हाल ही में एचएयू से सेवानिवृत्त कर्मचारी के खाते से 30 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इसकी शिकायत एचएयू पुलिस चौकी में दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-15 ए निवासी रामकुमार ठकराल ने बताया कि वह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय की एसपीओ ब्रांच से सेवानिवृत्त है और उसका एचएयू स्थित एसबीआई की ब्रांच में खाता है। उन्होंने बताया कि तीन मई को सुबह उसने अपना मोबाइल चेक किया तो उस पर बैंक का एक मैसेज आया हुआ था, जिसमें उसके बैंक से 30 हजार रुपये निकाले गए थे। उन्होंने बताया कि उनका एटीएम, पासबुक, पिन आदि उसके पास हैं, लेकिन किसी ने धोखाधड़ी से उनके खाते से पैसे निकाल लिए। जांचकर्ता हेड कांस्टेबल बलवंत सिंह के अनुसार शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ धारा 420, 379 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ठगी करने के आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।