हांसी। गांव जमावड़ी की सीमा से लगते खेत में फानों में लगी आग को बुझाने के लिए गए किसान की आग की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक गगनखेड़ी गांव निवासी 50 वर्षीय मेहर सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में लाया गया।
रविवार सुबह जमावड़ी गांव की सीमा से लगते कुंभा निवासी धर्मबीर की पांच एकड़ व गगनखेड़ी निवासी मेहर सिंह के खेतों के फानों में आग लग गई। मेहर सिंह सुबह करीब नौ बजे गांव से अपने खेत में पहुंचा तो उसने देखा कि उसके खेत में फानों में आग लगी है। वह पेड़ों से टहनी तोड़कर आग बुझाने लगा, लेकिन स्वयं ही आग की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई।
दरअसल आग भयंकर होने के चलते सभी किसान आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे। मामले की सूचना मिलने पर दमकल विभाग से फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। जब आग को बुझा लिया गया तो किसानों ने देखा कि मेहर सिंह की आग की चपेट में आने से मौत हो चुकी है। सदर थाना से पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मृतक मेहर सिंह की चार बेटियां हैं, जो सभी शादीशुदा हैं। उनके दो बेटे हैं, एक 12 साल तो दूसरा सात साल का।