बदायूं। रविवार शाम बिल्सी-बदायूं मार्ग पर ग्राम बदरपुर के नजदीक लकड़ी भरे ट्रैक्टर ट्रॉली ने एक बाइक को रौंद दिया, जिसमें मासूम भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता समेत एक अन्य भाई को मामूली चोटें आईं। सभी लोग बाइक पर दावत खाने नगला शर्की जा रहे थे। इधर, उघैती क्षेत्र में ग्राम बाला किशनपुर के नजदीक दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, वहीं तीन लोग घायल हो गए। उनमें से कोई हेलमेट नहीं लगाए था।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ग्राम भरकुईया निवासी मनोज रविवार शाम परिवार के साथ शहर के नजदीक नगला शर्की गांव में एक रिश्तेदार की शादी में दावत खाने जा रहे थे। बाइक पर उनका बेटा हार्दिक पटेल (3), दूसरा बेटा भविष्य पटेल (5), बेटी मान्या पटेल (10) और पत्नी चमेली बैठी हुई थीं। बाइक गुराई भट्ठे से निकल कर बदरपुर मोड़ पर पहुंची थी कि तभी सामने से आ रहे लकड़ी भरे ट्रैक्टर ट्रॉली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे हार्दिक पटेल और मान्या पटेल बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। उसी समय ट्रैक्टर दोनों बच्चों को कुचलता हुआ आगे निकल गया। इससे दोनों मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। यह देखकर दंपती के होश उड़ गए। बाइक गिरने से उनके भी चोटें आई लेकिन अपने दो बच्चों की मौत देखकर वे अपने जख्म भूल गए। इधर, हादसे की सूचना पर बदरपुर निवासी दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ट्रैक्टर ट्रॉली को आगे से घेर लिया लेकिन तब तक चालक मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद भरकुईया गांव के लोग और उनके परिवार वाले भी पहुंच गए। उन्होंने चालक को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। इसकी सूचना पर सिविल लाइंस, उझानी और बिल्सी पुलिस भी पहुंच गई। रात करीब साढ़े आठ बजे तक मौके पर जाम लगा रहा। बाद में पुलिस के समझाने पर जाम खोला जा सका। फिलहाल पुलिस ने दोनों शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए हैं, वहीं ट्रैक्टर-ट्राली कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
उघैती। रविवार शाम करीब छह बजे खितौरा-राजबरौलिया के बीच दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें एक बाइक पर सवार ग्राम राजबरौलिया निवासी मेवाराम (40) पुत्र खिमाई और राहुल (16) पुत्र विजय सिंह खितौरा की बाजार से खरीदारी करके अपने गांव लौट रहे थे, जबकि सहसवान कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर निवासी भूरे (26) पुत्र राम सिंह, पन्नालाल (24) पुत्र छोटेलाल और धर्मपाल (22) पुत्र रामस्वरूप नरैनी चौराहा होते हुए बाइक पर अपने गांव जा रहे थे। रास्ते में ग्राम बाला किशनपुर के पास दोनों बाइकें आपस में टकरा गईं। इस हादसे में मेवाराम और दूसरी बाइक पर सवार भूरे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दौरान कोई बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है। दोनों युवकों के शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं।