अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। शराब ठेकेदार के कारिंदों ने एक ढाबा संचालक पर शराब बेचने का आरोप लगा उसकी धुनाई कर डाली, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने ढाबा संचालक के भाई की भी पिटाई की। घायल को प्राइवेट अस्पताल में दाखिल कराया गया है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल के बयान दर्ज किए।
पुलिस को दिए बयान में जुगलान निवासी सतबीर सिंह जांगड़ा ने बताया कि वह बरवाला रोड पर जुगलान बस स्टैंड के सामने फौजी फैमिली वैष्णो ढाबा चलाता है। उसके साथ उसका भाई उग्रसेन भी काम करता है। अपने बयान में सतबीर ने बताया कि 12 अप्रैल की रात करीब सवा आठ बजे वे ढाबे पर काम कर रहे थे। वहां पर दो बाइकों पर सवार चार लोग और बोलेरो में शराब ठेकेदार राजू धिगताना के कारिंदे बलजीत, विजेंद्र, शमशेर उसके ढाबे पर आए। उन्होंने आते ही कहा कि तुम आउट की शराब बेचते हो और उसे बोलेरो में डालने का प्रयास किया। इसके बाद बाइक पर व्यक्तियों में से एक ने रॉड से उसके ऊपर हमला कर दिया। उसके बाद किराड़ा निवासी डॉन व तलवंडी राणा के विकास ने भी हमला कर दिया। उन्होंने ढाबे का भी सामान बिखेर दिया और उसका भाई उग्रसेन छुड़ाने के लिए आया तो उसकी भी डंडे से पिटाई की। उसने भाग कर जान बचाई और पड़ोस से होटल से शमशेर को बुलाकर लाया। आरोपी यह कहते हुए फरार हो गए कि आगे से आउट की शराब बेची तो जान से मार देंगे। उसने आरोप लगाया कि जाते-जाते आरोपी उसके पैसे, चेन और अंगूठी भी छीन ले गए। जांचकर्ता एएसआई जयपाल मेहरा के अनुसार शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।