अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। हांसी की एक कॉलोनी में महिला व उसके पति ने जहर पी लिया। दोनों को गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। यहां महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है। महिला का करीब एक महीने पहले उनके पड़ोसी ने रेप किया था, जिसके बाद से महिला व उसका पति मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। इसी परेशानी में दोनों ने जहर निगल लिया। देर रात दंपति को अग्रोहा मेडिकल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार हांसी की एक कॉलोनी में रहने वाली महिला के साथ करीब एक महीने पहले रेप की वारदात हुई थी। यह घटना उस समय हुई, जब महिला का पति व सास घर के बाहर काम पर गए हुए थे। तब उनके पड़ोस में रहने वाला सरकारी टीचर राजबीर व उसकी पत्नी उनके घर में घुस आए। दोनों ने घर में अकेली महिला के हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद आरोपी राजबीर ने उसके साथ रेप किया व इस घटना में उसकी पत्नी ने उसका सहयोग किया। बाद में दोनों ने महिला को धमकाया व कहा कि अगर उसने अपने साथ हुई घटना के बारेे में किसी को बताया तो उसकी बदनामी होगी। रेप का पता चलने पर उसके ससुराल वाले उसको घर से निकाल देंगे। ससुराल से निकाले जाने की बात सुनकर महिला ने एक सप्ताह तक किसी के इस बारे में कुछ नहीं बताया। जब उसके पति को उसके हाव-भाव में बदलाव नजर आया तो उसने इसकी वजह पूछी, जिस पर महिला रोने लगी। अपने साथ पड़ोसी की ओर से की गई घटना के बारे में बताया। तब उन्होंने पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने रेप के आरोपी राजबीर व उसकी पत्नी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था।
नागरिक अस्पताल में इलाज करवा रही पीड़िता की सास एवं लड़के की मां ने बताया कि घटना के बाद से ही उसका बेटा व बहू मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे। उसके बेटे ने काम पर जाना बंद कर दिया था। बहू भी पूरा दिन गुमसुम रहती थी। शुक्रवार को दोनों पति-पत्नी छत पर सोए हुए थे। सुबह देर तक भी दोनों नीचे नहीं आए तो उन्होंने आवाज लगाई। परंतु कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जब उन्होंने ऊपर जाकर देखा तो दोनों गंभीर हालत में मिले। ऐसा लग रहा था इन्होंने कुछ जहरीला पदार्थ निगल लिया है। तब दोनों को हांसी के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। गंभीर हालत होने के कारण इनके हिसार रेफर कर दिया गया।
बीडीएस की छात्रा ने भी खाया था जहर..
करीब 10 दिन पहले हिसार निवासी बीडीएस की स्टूडेंट ने सीएम आवास पर जाकर जहर निगल लिया था। छात्रा ने फतेहाबाद के युवक तथा उसके परिजनों पर आरोप लगाए थे। छात्रा का आरोप था कि युवक लंबे समय तक उसके साथ रिलेशन में रहा। बाद में शादी करने से इनकार कर दिया। न्याय न मिलने पर उसने जहर निगला।