अमीनगर सराय (बागपत)।
श्री परशु रामेश्वर महादेव मंदिर पुरा में श्रावणी मेले की ड्यूटी के लिए आई 194 बटालियन आरएएफ के सिपाही ने मारपीट कर दरोगा का सिर फोड़ दिया। उसने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घायल दरोगा ने सिंघावली अहीर थाने में सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
श्री परशु रामेश्वर महादेव मंदिर पुरा में तीन दिवसीय श्रावणी मेले में आरएएफ मेरठ की 194 बटालियन बी कंपनी ड्यूटी के लिए आई। आरएएफ की कंपनी एक सप्ताह से सिंघावली अहीर पुलिया के पास श्री कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज में रुकी हुई थी। शनिवार की सुबह आरएएफ के सिपाही धीरज राणा और दरोगा राम आशीष के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि सिपाही ने गाली गलौैच कर दरोगा के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान दरोगा का सिर भी फोड़ दिया। घायल दरोगा ने सिंघावली अहीर थाने मेें आरोपी सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने अपने अधिकारियों को भी मामले से अवगत करा दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष हरे राम यादव ने बताया कि दरोगा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।