अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने तीन अवैध पिस्तौल और नौ कारतूस समेत पकड़े गए भिवानी के गांव जताई निवासी बादशाह को एक दिन के रिमांड के बाद शनिवार को कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया। रिमांड मिलने के बाद पुलिस ने उसे साथ लेकर रोहतक के गांव भरायण में छापा मारा, मगर वहां गौरव नहीं मिला। ग्रामीणों ने बताया कि उस पर कई केस दर्ज हैं और वह लंबे अरसे से गांव में नहीं आया। इसके बाद पुलिस वापस लौट आई।
सीआईए टू की टीम ने वीरवार को टाउन पार्क के सामने छापा मारकर जताई के 23 साल के बादशाह को गिरफ्तार किया था। उसकी तलाशी लेने पर तीन अवैध पिस्तौल व नौ कारतूस बरामद हुए थे। पूछताछ में उसने सचिन बंसल मर्डर समेत 8 वारदात स्वीकारी थी। सीआईए ने उसे पीएलए चौकी के हवाले कर दिया था। पीएलए चौकी प्रभारी जगदीश कुमार ने पूछताछ की तो आरोपी ने बताया था कि वह असलाह भरायण के गौरव से लेकर आया था। पुलिस गौरव को पकड़ने गई थी, मगर वह नहीं मिला। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
- पुलिस ने तीन अवैध पिस्तौल और कारतूस के साथ आरोपी को किया था गिरफ्तार