अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सिटी थाना पुलिस ने टिब्बा दानाशेर एरिया निवासी 25 वर्षीय मुकेश की हत्या करने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने भगत सिंह नगर निवासी अजीत और उसके भाई सोनू को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार दोनों भाइयों ने शनिवार रात आठ बजे बारह क्वार्टर रोड पर मुकेेश की चाकू मारकर हत्या की थी। शव ले जाने तक दोपहर तक सिविल अस्पताल पुलिस छावनी में तब्दील रहा। आरंभिक पूछताछ में अजीत ने बताया है कि उसको मुकेश पर घर आने-जाने का संदेह था, इसलिए भाई के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। उसे शक था वह अब भी चोरी-छिपे उसकी पत्नी से मिलता है। वारदात से कुछ दिन पहले उसने गली में घर के आसपास उसे घूमते हुए भी देखा था।
पुलिस ने भगत सिंह नगर निवासी अजीत सिंह और उसके भाई सोनू को गिरफ्तार कर पूछताछ की है। अजीत ने पूछताछ में बताया कि मुकेश उसकी पत्नी के साथ तीन साल पहले शहर से गायब हो गया था। बाद में उसकी पत्नी लौट आई थी। उस समय उनकी आस-पड़ोस में काफी बदनामी हुई थी, लेकिन उसने फिर भी अपना मन समझाने का प्रयास किया था। अब कुछ अरसे से मुकेश की सक्रियता फिर से उसके घर के आसपास बढ़ गई थी। उसने बताया कि तीन-चार दिन पहले भी मुकेश को अपनी गली में देखा था। उसने यह बात भाई सोनू को बताई तो यह उसे भी नागवार गुजरा और दोनों भाइयों ने उसकी हत्या की साजिश रच ली। वे मौके की तलाश में थे। वह शनिवार रात को उनको रास्ते में मिला तो उसकी हत्या कर दी थी।
रविवार को मृतक के परिजनों के अलावा मोहल्ले के काफी लोग नागरिक अस्पताल में पहुंचे थे। यहां महिलाएं भी मौजूद थीं। बाद में परिजनों ने महिलाओं को घर भेज दिया था। पुलिस ने एहतियात के तौर पर अस्पताल परिसर में काफी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर रखी थी। इनमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं। गुप्तचर विभाग के कर्मचारी मामले पर निगरानी बनाए हुए थे। नई सब्जी मंडी चौकी प्रभारी हरपाल सिंह की टीम ने कागजी कार्रवाई के बाद डॉक्टरों को डॉक्यूमेंट सौंपे। बाद में शव का पोस्टमार्टम किया गया। मृतक के दिल पर लगा चाकू आरपार हो गया था और चोट का एक निशान छाती के साइड में लगा था।
तीन साल पहले मुकेश के साथ चली गई थी पत्नी
सिटी थाना पुलिस ने इस संबंध में भगत सिंह नगर के अजीत और सोनू के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। मृतक के पिता राजकुमार ने बताया कि तीन बेटों में से मुकेश उनका छोटा बेटा था। वह सबमर्सिबल का काम करता था। उसने बताया कि अजीत की पत्नी मुकेश के साथ तीन साल पहले चली गई थी। वह करीब डेढ़ साल उसके साथ रही थी और वापस अजीत के पास लौट आई थी। मुकेश तीन महीने पहले लौट आया था। अजीत और सोनू उसके बेटे मुकेश से रंजिश रखते थे। इसी के चलते उन्होंने शनिवार रात मुकेश की 12 क्वार्टर रोड पर छाती में छुरी मारकर हत्या कर दी। सिटी थाना पुलिस ने नामजद दोनों भाइयों के खिलाफ केस दर्ज किया।
मृतक के पिता बोले, परिवार के भरण-पोषण का बंदोबस्त करे प्रशासन
मृतक के पिता राजकुमार ने बताया कि उनके तीन बेटे थे। मुकेश के बाद अब उनके दो बेटे सतपाल और सुरेश हैं। वे दोनों पहले से उनसे अलग रह रहे हैं। घर में वह, उनकी पत्नी और मुकेश रहते थे। मुकेश सबमर्सिबल का काम कर रोजी-रोटी चलाता था। वही उनके जीने का सहारा था। सरकार और प्रशासन को उनके भरण-पोषण का इंतजाम करे। मृतक के भाई सुरेश ने कहा कि हत्यारों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।