अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
शहर के आईएमए भवन में आयोजित वार्षिक समारोह में शिरकत कर रात को लौट रहे एक डॉक्टर दंपति पर बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने डॉ. प्रवीन गिल और डॉ. कुलविंद्र गिल से मारपीट कर पिस्तौल दिखाते प्रवीन गिल के गले से सोने की चेन छीन ली। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर बदमाश फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस और कई डॉक्टर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डॉ. प्रवीन गिल की शिकायत और बयान दर्ज करने के बाद एक नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। वारदात के बाद से डॉक्टर दंपति का पूरा परिवार सहमा हुआ है।
शहर के आईटीआई रोड पर स्थित आईएमए भवन में शनिवार रात को आईएमए का वार्षिक समारोह था। जिलेभर के डॉक्टर इस समारोह में शिरकत करने आए थे। डबवाली रोड स्थित एक हॉस्पिटल के डॉक्टर कुलविंद्र गिल भी अपनी पत्नी डॉ. प्रवीन गिल और बच्चों के साथ समारोह में भाग लेने गए थे। रात 11 बजे उक्त डॉक्टर दंपति समारोह से वापस अपनी कार में सवार होकर घर जाने लगे। वाल्मीकि चौके के पास एक कार से पांच लोग नीचे उतरे और डॉक्टर दंपति की कार को रुकवाया। डॉ. कुलविंद्र गिल ने जैसे ही कार रोकी उक्त लोगों ने उनपर हमला कर दिया। बदमाशों ने प्रवीन गिल और कुलविंद्र गिल को कार से खींचकर बाहर निकाला। हमलावरों में एक युवक के पास पिस्तौल और एक अन्य युवक के पास कापा (तेजधार हथियार) था। एक बदमाश ने डॉ. प्रवीन गिल के गले से सोने की चेन छीन ली। इसके बाद धमकी देकर सभी बदमाश अपनी कार में सवार होकर भाग गए। घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डॉक्टर दंपति पर हुए हमले और लूटपाट की वारदात पर आईएमए ने चिंता जताई है।
हमले से भयभीत बच्चे रोने लगे
बदमाशों ने जैसे ही हमला किया, कार में सवार डॉ. गिल के बच्चे रोने और बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर अपने घर की ओर लौट रहे कुछ डॉक्टर मौके पर पहुंचे। डॉक्टरों ने बदमाशों से डॉ. गिल को छुड़वाने की कोशिश की। इसी बीच एक शख्स ने प्रवीन गिल का पर्स और मोबाइल छीनने का प्रयास किया। जब काफी सारे लोग दौड़कर मौके पर आने लगे तो बदमाशों ने धमकी दी कि अगर पुलिस को फोन किया तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे।
पुलिस सुरक्षा की लगाई गुहार
हमले के बाद से डॉ. गिल दंपति का पूरा परिवार सहमा हुआ है। डॉ. प्रवीन गिल ने पुलिस से गुहार लगाते हुए कहा कि वे प्राइवेट डॉक्टर हैं, हर समय लोगों का उनके अस्पताल में आना-जाना रहता है। बदमाश धमकी देकर गए हैं, इस कारण पूरे परिवार की जान को खतरा बना हुआ है। इसलिए उनके परिवार को पुलिस सुरक्षा दी जाए और पुलिस बदमाशों का पता लगाकर जल्दी ही उनको गिरफ्तार करें।
आईएमए ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
जिस प्रकार डॉक्टर दंपति पर हमलावरों ने हमला किया है, वह बेहद चिंताजनक और शर्मनाक है, क्योंकि चिकित्सक दंपति की किसी से कोई रंजिश और वैर विरोध नहीं है। ऐसी घटना की आईएमए घोर निंदा करता है और हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करता है।
-डॉ. आरएम अरोड़ा, अध्यक्ष, आईएमए, सिरसा।
एक आरोपी की हुई पहचान
डॉक्टर गिल दंपति पर हुए हमले और लूट की घटना सिलसिले में एक नामजद और चार अन्य युवकों के खिलाफ रास्ता रोकने, हमला करने, स्नेचिंग, जान से मारने की धमकी और शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। नामजद आरोपी की पहचान पंकज चौहान के रूप में हुई है। मामले की जांच शुरू हो चुकी है। जल्द ही सारे आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे। डॉक्टर दंपति को अगर पुलिस सुरक्षा चाहिए तो वे इसके लिए पत्र दें, नियमों के अनुसार उन्हें सुरक्षा जरूर दी जाएगी।
-रामप्रताप, कार्यवाहक प्रभारी, शहर थाना सिरसा।