अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। बिजली निबम से सेवानिवृत्त अधीक्षक से 2 लाख 38 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। 12 क्वार्टर रोड स्थित ढाणी किशन दत्त निवासी 68 वर्षीय रघुबीर सिंह ने पुलिस को शिकायत दी, लेकिन इस मामले में आठ माह बाद केस दर्ज हुआ है। इस मामले में एचटीएम थाना पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
सिवानी निवासी सुमन और नंदिनी के खिलाफ पुलिस को दी शिकायत में रघुबीर ने बताया कि 28 मई 2018 को उसके पास फोन आया और उससे कहा कि वे सिवानी के रहने वाले हैं और उनका एक्सीडेंट हो गया है। उनकी माता को ज्यादा चोट आई है, जो अस्पताल में दाखिल है।
अगर कुछ मदद कर दो तो ठीक होने के बाद उनके पैसे दे देंगे। रघुबीर ने बताया कि उन्होंने ये भी कहा कि वे लोग नौकरी करते हैं और 60-65 हजार रुपये वेतन लेते हैं, जल्दी ही उनके पैसे लौटा देंगे। रघुबीर के ये पूछने पर कि वे सोनीपत इलाज क्यों करा रहे हैं तो उन्होंने कहा कि सोनीपत में उनके मामा का लड़का काम करता है, इसलिए लेकर आए। उन्होंने सोनीपत के देव नगर में एक अस्पताल में एक डॉक्टर से इलाज कराना बताया और हर उस आदमी से बात कराते, जिस पर शक होता। रघुबीर ने कहा कि मानवता के नाते वह पैसे दे देता और वे बार-बार पैसे मांगते रहे। एक बार पैसे जाने के बाद उन्हें निकलवाने के लिए उसने कई बार पैसे दिया। रघुबीर ने बताया कि उसने किरण के खाते में करीब 50 हजार रुपये, जगमेश के खाते में करीब 93 हजार रुपये और संतोष शर्मा के खाते में 95 हजार रुपये डलवाए। बाद में जब रुपये मांगे तो उन्होंने पुलिस को शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत दर्ज कराने के लिए मैंने बहुत धक्के खाए, लेकिन मेरी शिकायत दर्ज नहीं की गई। मैं गृह मंत्रालय तक गया। अब जाकर आठ महीने बाद शिकायत दर्ज की गई है। इसमें भी उन तीन लोगों किरण, जगमेश और संतोष के नाम शामिल नहीं किए, जिनके खातों में मैंने पैसे डलवाए हैं।
-रघुबीर सिंह, शिकायतकर्ता
शिकायतकर्ता ने स्वयं उनके खातों में रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए हैं। ऐसे में थाना एसएचओ द्वारा उच्च अधिकारियों और डीए की सलाह के बाद मामला दर्ज किया गया, जिसमें देरी हुई। फिलहाल जांच की जा रही है।
-एएसआई जितेंद्र, इंचार्ज, न्यू सब्जी मंडी पुलिस चौकी