अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सदर थाना पुलिस ने सूर्यनगर निवासी कुरियर ब्वॉय अनिल सोनी की हत्या के तीन आरोपियों को तीन दिन के रिमांड के बाद बुधवार को कोर्ट में पेश किया। यहां से उनको जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त दो बाइक, तीन मोबाइल बरामद किए। वहीं आरोपियों से लूटे गए तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इसके अलावा उनसे मृतक की बाइक और जूते भी बरामद हुए हैं।
ई-कार्ट कंपनी का कूरियर ब्वॉय अनिल सोनी 24 फरवरी को सुबह साढे़ नौ बजे जिंदल चौक स्थित अपने ऑफिस से आजाद नगर एरिया में बाइक पर मोबाइल फोन की डिलीवरी देने गया था। 10:45 बजे उसका मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा था। कंपनी ऑफिस से फोन कर उसके परिजनों को बताया गया कि अनिल से फोन पर संपर्क नहीं हो पा रहा है। उसके बाद परिजनों ने भी अनिल का फोन मिलाया था, लेकिन संपर्क नहीं हुआ था। परिजनों ने आजाद नगर चौकी में गुमशुदगी की सूचना दी थी। परिजन उसे रातभर ढूंढते रहे थे। परिजन अगले दिन सुबह गंगवा के पास एक ढाबे पर चाय पी रहे थे। उनको एक बच्चे ने पास के एक खाली प्लॉट में शव जलने की सूचना दी थी। वे वहां पहुंचे तो अनिल का शव जल रहा था। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था।
पुलिस ने सेक्टर-16-17 में छापा मारकर आजाद नगर के प्रवीण, न्यू ऋषि नगर के मुकुल और पटेल नगर के वरुण को गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ में तीनों ने बताया था कि वे साझे में बिजनेस करना चाहते थे, लेकिन हमारे पास रुपये नहीं थे। हमने रुपयों का जुगाड़ करने के लिए किसी कुरियर वाले को लूटने की साजिश रची थी। हमने तय साजिश के तहत ऑनलाइन चार मोबाइल फोन बुक कराए थे। कूरियर ब्वॉय डिलीवरी देने आया तो उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी थी। फिर उन्होंने अल सुबह बाइक पर शव गंगवा रोड के एक प्लॉट में ले जाकर जला दिया था।