हिसार। शहर का पड़ाव एरिया। आबादी करीब सात हजार। मगर यहां के बाशिंदे शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहे हैं। तीन माह से क्षेत्र के यादव मोहल्ले में काला बदबूदार पानी की सप्लाई हो रही है। दूषित पानी पीने से बच्चे से बुजुर्ग तक उल्टी, दस्त और पेट में दर्द से तड़प रहे हैं।
लोगों का कहना है कि सप्लाई में सीवर का पानी मिक्स होकर आ रहा है। पानी में कालापन है। पीना तो दूर रोजमर्रा के कामकाज भी नहीं कर सकते। बर्तन धो लिए तो उनमें बदबू आ रही है। नहा लें तो शरीर पर दाद-खुजली होने लगती है। कई बार लोग पेयजल सप्लाई की समस्या का समाधान करवाने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के समक्ष गुहार लगा चुके हैं, मगर उनकी सुनने वाला कोई नहीं। समस्या के समाधान के लिए शुक्रवार को महिलाएं लठ लेकर पड़ाव चौक पहुंची और जाम लगा। इस दौरान अधिकारियों ने जल्द क्षेत्र में नई पाइपलाइन डालकर स्थायी समाधान का आश्वासन दिया था।
पड़ाव एरिया में ये आते हैं मोहल्ले
- प्रताप नगर
- हीरा मोहल्ला
- कुम्हारान मोहल्ला
- पठाना मोहल्ला
- यादव मोहल्ला
- राजगड़िया मोहल्ला
- मोहल्ला गुजरान
लोग बोले-अधिकारी नहीं कर रहे सुनवाई
यादव मोहल्ला निवासी डेढ़ वर्षीय अयान की नानी 56 वर्षीय रामबाई ने बताया कि गंदा पानी पीने से डेढ़ महीने से अयान के पेट में दर्द है। दस्त भी लग रहे हैं। जब भी सप्लाई का पानी पीता है तो दिक्कत शुरू हो जाती है। नानी ने बताया कि अयान को निजी अस्पताल से दवा दिला रहे हैं। उन्होंने बताया कि जब भी पानी पीते हैं तो पेट में मरोड़े शुरू हो जाते हैं। पानी की बदबू से जी खराब रहता है। कई बार अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।
65 वर्षीय अमरपति ने बताया कि दो महीने से उन्हें उल्टी की शिकायतें बढ़ रही हैं। पानी पीते ही उल्टी शुरू हो जाती है। इस पानी के नहाने से शरीर पर दाद के निशान हो गए हैं। हमारी कोई सुनने वाला नहीं है। गली में प्रत्येक घर में कोई न कोई पानी पीने से बीमार हो रहा है।
40 वर्षीय सुमन का कहना है कि तीन महीने से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। पानी में सीवर की बदबू आ रही है। जब भी पानी पीना चाहते है तो उससे पहले ही उल्टियां शुरू हो जाती है। पेट में हर समय दर्द रहता है। आज तक समस्या का समाधान करने के लिए अधिकारियों ने जहमत तक नहीं उठाई।
प्रवीण ने बताया कि पिता नरेश तीन माह से बीमार है। उन्हें उल्टियां और दस्त लग रहे हैं। अब उन्हें कमजोरी भी महसूस हो रही है। पिता नरेश निजी अस्पताल से दवाई ले रहे हैं। कई बार तो पेट में दर्द भी बढ़ जाता है। हमारी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
नई पेयजल पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू हो चुका है। करीब 200 फुट लंबी पाइप लाइन बिछाई जाएगी। तीन से चार दिन में काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद इस एरिया में पानी में कोई शिकायत नहीं मिलेगी।
- कंवरपाल, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग