हांसी। जींद रोड पर रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे गांव शेखपुरा के पास तेज रफ्तार डंपर ने एक कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार चालक व उसकी पत्नी की मौत हो गई। राहगीरों ने तुरंत हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दंपती को बाहर निकाला और हांसी सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने परिजनों के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव उमरा निवासी 31 वर्षीय रामदिया कार से अपनी 30 वर्षीय पत्नी कविता को जींद दवाई दिलाने के लिए जा रहा था। जब उनकी कार गांव शेखपुरा के पास पहुंची तो जींद की ओर से तेज स्पीड में आ रहे डंपर ने कार को टक्कर मार दी। कार डंपर के नीचे जा घुसी। इस हादसे में रामदिया और कविता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों घायलों को बाहर निकालने के लिए गाड़ी को काटना पड़ा। इसके बाद अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सात साल के बेटे से उठा पिता का सोया, मां का छूटा आंचल
मृतक रामदिया के छोटे भाई दुष्यंत ने बताया कि उसका भाई खेतीबाड़ी करता था। रामदिया का 7 साल का एक बेटा है। घर में बीमार मां है और पिता का पहले ही निधन हो चुका है। दोनों की मौत से सात साल के बच्चे क ेसिर से पिता का साया उठा गया, जबकि मां का आंचल छूट गया। दुष्यंत ने बताया कि भाई और भाभी की मौत के बाद भतीजे की जिम्मेवारी उसी पर आ गई है।
रविवार को सुबह सड़क हादसा में दंपती की मौत हो गई। मृतक के चाचा हरकेश की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया हैं। - सुरेंद्र सिंह, सब इंस्पेक्टर, शेखपुरा चौकी