हिसार। जिला स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार से दूसरी डोज के लिए महाअभियान शुरू किया है। सोमवार को विभाग ने सीएचसी-पीएचसी से लेकर शहर एवं ग्रामीण एरिया में 50 टीकाकरण बूथ बनाए हैं, जहां पर केवल दूसरी डोज लगेगी। राहत की बात यह है कि विभाग को कोविशील्ड वैक्सीन की 17 हजार डोज मिली हैं। विभाग ने सोमवार को 15 हजार से अधिक टीकाकरण होने का अनुमान लगाया है।
अब तक जिले में 5 लाख 39 हजार 643 लोगों की वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। अगर इसके मुकाबले दूसरी डोज की बात करें तो सिर्फ 1 लाख 35 हजार 821 लोगों को दूसरा टीका लगा है। इसलिए विभाग ने दूसरी डोज का कवर जल्द से जल्द करने का निर्णय लिया है, क्योंकि अधिकतर लोगों को 82 दिन से अधिक समय हो गया है। इसे देखते हुए विभाग सप्ताह में एक दिन स्पेशल दूसरी डोज के लिए रखेगा। इस दिन पहली डोज नहीं लगेगी। इससे लोगों को समय पर दूसरी डोज लग सकेगी। सोमवार को विभाग ने टीम को भी दूसरी डोज लगाने के आदेश दिए हैं। काफी लोगों की दूसरी डोज बची है, क्योंकि पहली व दूसरी डोज का एकसाथ टीकाकरण होने से उनके लगने से पहले ही वैक्सीन खत्म हो जाती है। वह टीका लगने से वंचित रह जाते हैं। ऐसी शिकायतें विभाग के पास आई हैं।
यहां-यहां लगेगा टीका
शहर में टीबी अस्पताल, जिला अस्पताल, घोड़ा फार्म, विद्युत नगर स्थित सामुदायिक केंद्र, सेक्टर 1-4 स्थित अर्बन हेल्थ सेंटर, जिंदन इंडस्ट्री, सेंट्रल जेल-1, रोडवेज में टीकाकरण बूथ बने है। ग्रामीण में सीएचसी-पीएचसी से गांव में वैक्सीन लगाई जाएगी।
अब हम सप्ताह में एक दिन दूसरी डोज के लिए रखेंगे। सोमवार को हमने सभी जगह टीम को दूसरी डोज लगाने के आदेश दिए है। कई लोगों की दूसरी डोज बची है, जो लगवा नहीं पा रहे है। अब उनको समय पर लग सकेगी। हमारे पास 17 हजार वैक्सीन आई है। - डॉ. जितेंद्र शर्मा, डिप्टी सीएमओ, हिसार