हिसार। अभिनेत्री कंगना रणौत के एक टॉक शो में 15 अगस्त 1947 को मिली आजादी को भीख में मिली आजादी बताने पर उनका विरोध हो रहा है। हांसी की अधिवक्ता सुनीता ने हांसी की पुलिस अधीक्षक निकिता गहलोत को एक शिकायत देकर अभिनेत्री कंगना रणौत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है।
अपनी शिकायत में सुनीता ने कहा कि भारत की आजादी के लिए देश के हजारों स्वतंत्रता सेनानियों ने अपनी कुर्बानियां दीं। 15 अगस्त 1947 को अंग्रेज भारत छोड़ने पर मजबूर हुए। उस दिन भारत के लोगों को आजादी की सांस नसीब हुई थी। सुनीता ने अपनी शिकायत में कहा है कि कंगना रणौत ने सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए जानबूझकर देश की अखंडता और एकता को चोट पहुंचाने वाला बयान दिया है। देश के लिए जान गंवाने वाले शहीदों के प्रति नफरत फैलाने का काम किया है। शहीदों का अपमान करने का काम किया है। उनके खिलाफ सीधा-सीधा राजद्रोह और शहीदों व देश का अपमान का मामला बनता है। जो आईपीसी की धारा 153 और 124 के तहत गंभीर अपराध है। उन्होंने कंगना के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है।