भूना। ऑनलाइन बाल यौन उत्पीड़न और शोषण के आरोप में फंसे गांव नहला निवासी युवक प्रवीण कुमार को सीबीआई ने वीरवार को दिल्ली तलब किया है। प्रवीण को दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है। मंगलवार शाम को सीबीआई द्वारा दबिश देने के बाद से प्रवीण कुमार का परिवार सदमे में हैं। तब से प्रवीण ने भी खाना तक नहीं खाया। खुद गांव के निवासी भी इस कार्रवाई से हैरानी में हैं।
12वीं कक्षा पास 30 वर्षीय प्रवीण कुमार पिछले छह वर्षों से दूध की डेयरी चला रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सीधे-साधे दिखने वाले प्रवीण पर ऐसे आरोप का विश्वास नहीं हो रहा है। वहीं, प्रवीण कुमार ने सफाई देते हुए कहा है कि वह बेकसूर है और बिना कोई अपराध किए ही उसे जेल भेजने के लिए कार्रवाई हो रही है। उसका दावा है कि सीबीआई को उसके मोबाइल में कोई भी आपत्तिजनक या ऑनलाइन बाल यौन उत्पीड़न और शोषण से संबंधित कुछ भी बरामद नहीं हुआ है। सीबीआई अधिकारियों को उसने पूरी डिटेल देखकर अपनी सफाई दी है। प्रवीण का दावा है कि वीरवार को सीबीआई मुख्यालय जाकर भी वह अपनी बेगुनाही के तथ्य रखेगा।
न कोई लिंक शेयर किया और न ही कोई पैसा लिया
प्रवीण कुमार का कहना है कि उसने करीब दो साल पहले यू-ट्यूब पर अपनी आईडी बनाई थी। इस पर गांव की खेल प्रतियोगिताओं व पुरानी संस्कृति से जुड़ी हुई कुछ वीडियो डाली थी। मगर कुछ महीनों से दूध के कारोबार एवं खेतीबाड़ी के कार्य में व्यस्त होने के कारण उसने अपने यू-ट्यूब अकाउंट पर कोई पोस्ट नहीं की थी। यू-ट्यूब आईडी उसके नाम है, लेकिन किसी ने हैक करके उसे फंसाया है। यू-ट्यूब चैनल पर भी उसकी पारिवारिक व गांव की संस्कृति से जुड़ी हुई वीडियो ही मिली है। प्रवीण ने बताया कि उसके तीन वर्षीय बेटे की बचपन की यादगार को लेकर पारिवारिक सदस्यों के साथ वीडियो जरूर बनी हुई। मगर उसने कभी भी अश्लील सामग्री प्रसारित नहीं की।
गौरतलब है कि मंगलवार को सीबीआई ऑफिसर तरुण गौड़ के नेतृत्व में आधा दर्जन से अधिक सदस्यों ने गांव नहला के प्रवीण के घर करीब पांच घंटे तक जांच की थी। सीबीआई टीम प्रवीण का मोबाइल व सिम अपने कब्जे में लेकर चली गई थी। प्रवीण पर बाल यौन उत्पीड़न और शोषण संबंधी आरोप लगे हैं।
मामले से संबंधित कोई सूचना नहीं मिली
गांव नहला निवासी युवक प्रवीण कुमार को वीरवार को सीबीआई मुख्यालय बुलाया गया है। मगर भूना थाने में इस मामले से संबंधित कोई सूचना व दिशानिर्देश नहीं दिए गए हैं।
- कपिल सिहाग, प्रभारी, भूना थाना पुलिस