हिसार। इंदिरा कॉलोनी में दोपहर करीब एक बजे युवती को गाय ने सींगों पर उठाकर पटक दिया। इसके बाद करीब 58 सेकेंड तक उसे जमीन पर गिराकर 30 बार पैरों और सींगों से टक्कर मारती रही। शोर सुनकर लोगों ने युवती को गाय के पैरों में दो बार खींचकर बाहर भी निकाला लेकिन गाय ने उसे टक्कर मारनी बंद नहीं की। इस दौरान गाय ने अन्य लोगों को भी टक्कर मारने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि घायल संजोलिका माटी कलां बोर्ड के पूर्व चेयरमैन एवं आदमपुर से भाजपा प्रत्याशी रह चुके करण सिंह रानोलिया की भतीजी है। उसे एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। युवती के सिर, गर्दन, मुंह और पैरों पर चोर्ट आई हैं। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। संजोलिका गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय से एमबीए कर रही है। बता दें कि एक दिन पहले बेसहारा पशु की टक्कर से बुजुर्ग की मौत हो गई थी।
युवती को बचाने आए लोगों पर किया हमला
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार 58 सेकेंड तक युवती गाय के पैरों के बीच में पड़ी रही। इस दौरान गाय उसे पैरों से कुचलती रही। बीच-बीच में सींग से भी वार किया। हालांकि आसपास के लोग लाठी लेकर युवती को गाय के चंगुल से बचाने आते हैं। इस पर गाय युवती को छोड़कर उन पर हमला कर देती है, मगर लोग खुद को बचा लेते हैं। इसी बीच गाय दोबारा से युवती पर हमला कर देती है। लोगों की संख्या बढ़ने पर गाय का ध्यान भटक जाता है तो कुछ लोग युवती को बचा लेते हैं।
शहर में लगातार दूसरे दिन मवेशियों का हमला
शहर में लगातार दूसरे दिन बेसहारा पशु के हमला करने की यह दूसरी घटना है। सोमवार को जवाहर नगर की गली नंबर तीन निवासी 85 वर्षीय सुंदरदास सचदेवा को गाय ने टक्कर मार दी थी। इस हादसे में उनके सिर की नस फट गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी। इसके अलावा 18 अगस्त को भामाशाह नगर में पशुओं को पकड़ने के दौरान एक गाय ने टक्कर मारकर निगम कर्मी को घायल कर दिया था।
कई बार पशु बाद में देते हैं प्रतिक्रिया
पशु चिकित्सक डॉ. नीलेश के मुताबिक कई बार हम पशु को डंडे मार देते हैं। उक्त पशु उस समय तो प्रतिक्रिया नहीं देता है, मगर कई बार वह बाद में प्रतिक्रिया देता है, जिसका नुकसान किसी निर्दोष को चुकाना पड़ता है।
सीसीटीवी फुटेज में जमीन पर गाय के पैरों के बीच पड़ी युवती व बचाने का प्रयास करते लोग।- फोटो : Hisar