टोहाना। टोहाना के एक विद्यालय में सोमवार को 40 छात्रों को मुर्गा बनाकर पिटाई करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शहर थाना पुलिस ने तीन छात्रों की शिकायत पर स्कूल के डीपीई मांगेराम, अध्यापिका व कॉमर्स प्राध्यापक चरणजीत सिंह के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत और मारपीट के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। वहीं, अध्यापिका द्वारा तीन छात्रों पर छेड़खानी के आरोप में केस दर्ज करवाया गया है।
सोमवार को इस विद्यालय के तीन शिक्षकों ने 11वीं कक्षा के 40 विद्यार्थियों को पहले मुर्गा बनाया, फिर डंडों से जमकर पिटाई की गई थी। कुछ विद्यार्थियों की पीठ से खून भी निकल आया, जबकि कुछ छात्रों की चमड़ी छिल गई। 10 विद्यार्थियों ने नागरिक अस्पताल में मेडिकल करवाकर एमएलआर कटवाई।
वहीं दूसरी ओर एक अध्यापिका ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कक्षा 11वीं के ही तीन छात्रों पर उन्हें देखकर सीटी बजाने और फिर छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए हैं। शिक्षिका का आरोप है कि सोमवार को स्कूल में आने के करीब एक घंटे बाद वह कमरे में थी, तभी इन छात्रों ने सीटी बजाई। जब उसने विरोध किया तो उक्त बच्चे उसके पास आए और छेड़खानी करने लगे। जब उसने विरोध किया तो अन्य अध्यापक भी वहां आ गए। बाद में उन्होंने प्रिंसिपल को मामले से अवगत करवाया। महिला ने बताया कि कुछ देर बाद भीम आर्मी एकता मिशन के जिला महासचिव प्रताप खोबड़ा व 5-7 अन्य लोग वहां आकर कहने लगे कि तुम्हारे खिलाफ एससी-एसटी के तहत केस दर्ज करवाएंगे। इससे वह घबरा गई और सोमवार को पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी। इसके बाद अपने पति को मामले से अवगत करवाया तो उन्होंने हौसला दिया। इसके बाद मंगलवार को पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस ने शिकायत मिलते ही केस दर्ज कर लिया।
जांच के लिए बनाई क मेटी
मैंने टोहाना के बीईओ को कमेटी बनाकर मामले की पूरी जांच करने के लिए निर्देश दिए हैं। जो भी जांच में सामने आएगा, उस आधार पर आगामी फैसला लिया जाएगा।
- दयानंद सिहाग, डीईओ, फतेहाबाद
केस दर्ज की जांच शुरू
मामले में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस के पास शिकायत आई है। दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
- बिरम सिंह, डीएसपी, टोहाना