हिसार। तिलक बाजार स्थित मौलवियान मोहल्ले में रहने वाले मुनीश कुमार ने सीएम विंडो पर 17.60 लाख रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत दी है। मुनीश ने मॉडर्न विजन एग्रो इंडिया लिमिटेड कंपनी, उसके डायरेक्टर नर सिंह बूरा, उनकी पत्नी रेणु, डायरेक्टर अमृत पाल सिंह व सुरेश कुमार और शहर थाना के तत्कालीन एएसआई रवींद्र कुमार पर धोखाधड़ी व मिलीभगत करने का आरोप लगाया है। सीएम विंडो पर दी गई शिकायत के आधार पर शहर थाना पुलिस ने निजी कंपनी के डायरेक्टर, एएसआई समेत छह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता मुनीश कुमार ने बताया कि हांसी में रहने वाले रिश्तेदार नरेश कुमार ने वर्ष 2012 में कंपनी के डायरेक्टर नर सिंह बूरा के साथ हमारे परिवार की मुलाकात कराई थी। मैंने उसकी कंपनी के डायरेक्टर व अपने रिश्तेदार की बातों में आकर 4 जुलाई 2012 को 2.60 लाख रुपये कंपनी में छह वर्ष की अवधि के लिए और 15 लाख रुपये 7 जनवरी 2013 को जमा करवा दिए। इसके बदले नर सिंह ने मुझे बॉन्ड जारी किए। जिनकी परिपक्वता राशि 35.20 लाख रुपये थी। बॉन्ड परिपक्व होने के बाद रुपये लौटाने को कहा तो आरोपी नरसिंह ने कहा कि मैंने तेरे रुपये अपनी पत्नी रेनू द्वारा संचालित कंपनी में लगा रखे हैं। इससे काफी खेती भूमि व निजी संपत्ति, प्लॉट आदि खरीद रखे हैं। जब बाजार में अच्छे रेट आएंगे तो संपत्ति को बेचकर राशि अदा कर दी जाएगी। उसके बाद जब उनसे रुपये मांगे तो उसने आनाकानी करनी शुरू कर दी। 5 जनवरी 2021 को आईजी, डीआईजी, डीसी, एसपी और सदर थाना में लिखित शिकायत भेजी। इसके बाद नर सिंह ने शहर थाना में 17 मार्च 2021 को चेक दिया। जब उन्होंने चेक खाते में लगाए तो पता चला कि नर सिंह ने खाता पहले ही बंद करवा रखा था। आरोप है कि मामले के जांच अधिकारी रहे एएसआई रवींद्र ने धोखाधड़ी करने वाले लोगों के साथ मिलकर मानसिक तौर पर परेशान करने के साथ केस दबाने का प्रयास किया है।
कोट
मुनीश नामक व्यक्ति ने धोखाधड़ी की शिकायत की थी। तब दोनों पक्षों का समझौता हो गया था। मिलीभगत और केस दबाने के प्रयास के आरोप निराधार हैं। - रवींद्र कुमार, पूर्व जांच अधिकारी