प्रदेश सरकार की ओर से कैंसर की तीसरी और चौथी स्टेज के मरीजों को 2750 रुपये पेंशन दी जाएगी। जिले के 200 पीड़ितों ने पेंशन के लिए आवेदन किया है। स्वास्थ्य विभाग आवेदनों की जांच कर जानकारी पोर्टल पर अपडेट करेगा। इसके बाद सरकार की ओर से कैंसर पीड़ितों की पेंशन शुरू कर दी जाएगी। सरकारी अस्पताल और निजी अस्पताल में उपचार ले रहे कैंसर पीड़ित पेंशन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
स्वास्थ्य संबंधी दस्तावेज मेडिकल कॉलेज अग्रोहा से होंगे सत्यापित
डिप्टी सीएमओ डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि पेंशन लेने के लिए कैंसर पीड़ितों को बीमारी से संबंधित दस्तावेज जमा करवाने होंगे। सरकारी अस्पताल में अगर मरीज का उपचार चल रहा है, उसका आवेदन स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कर दिया जाएगा। इसके अलावा कैंसर पीड़ित अगर निजी अस्पताल में उपचार ले रहा है तो उनको अपने स्वास्थ्य संबंधी दस्तावेज मेडिकल कॉलेज अग्रोहा से सत्यापित करवाने होंगे।
रजिस्ट्रेशन के बाद मरीज का डाटा पोर्टल पर अपलोड होगा और मुख्यालय उसे वेरिफिकेशन के उपरांत समाज कल्याण विभाग के पास पेंशन के लिए भेजेगा। इसके बाद विभाग द्वारा पेंशन जारी की जाएगी।
डिप्टी सीएमओ ने बताया कि कैंसर की तीसरी और चौथी स्टेज के मरीजों के लिए पेंशन की सुविधा शुरू की हैै। पेंशन के तौर पर मरीजों को 2750 रुपये दिए जाएंगे। तीसरी और चौथी स्टेज के मरीजों के अलावा ब्रेन ट्यूमर और ब्लड कैंसर पीड़ितों को भी पेंशन मिलेगी।अभी तक जिले से 200 कैंसर पीड़ितों ने आवेदन किया है। प्रदेश सरकार की तरफ से 2750 रुपये की पेंशन दी जाएगी। -
डॉ. सुभाष खतरेजा, डिप्टी सीएमओ
जरूरी दस्तावेज
परिवार पहचान पत्र
बैंक पासबुक
आधार कार्ड
कैंसर उपचार की चिकित्सक की रिपोर्ट।