हिसार। रोडवेज सांझा मोर्चा ने 14 जुलाई रविवार को अंबाला में परिवहन मंत्री के आवास का घेराव की घोषणा की है। ऐसे में हिसार डिपो के महाप्रबंधक सख्ती के मूड में हैं। जीएम ने रविवार को रोडवेज कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी है। साथ ही घेराव प्रदर्शन में शामिल होने पर कर्मचारियों से जवाब तलब किया जाएगा। इसको देखते हुए मुख्यालय ने आदेश जारी किए हैं।
कुछ दिनों पहले परिवहन विभाग ने निजी बसों के संशोधित परमिट की सूची जारी की है, जिस पर रोडवेज सांझा मोर्चा ने विरोध जताया है। सांझा मोर्चा के पदाधिकारियों का कहना है कि सरकार ने निजी तौर पर अपने चहेतों को परमिट जारी किए हैं। इनमें यात्रियों की सुविधा का ख्याल नहीं रखा गया। उन्होंने 14 जुलाई को अंबाला स्थित परिवहन विभाग के मंत्री असीम गोयल के आवास का घेराव करने की चेतावनी दी थी।
मुख्यालय के आदेश पर पत्र जारी किया गया है कि 14 जुलाई को यदि कोई रोडवेज कर्मचारी अंबाला में होने वाले प्रदर्शन में भाग लेगा उससे जवाब-तलब किया जाएगा। नियम का उल्लंघन करने पर रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय को भेज दी जाएगी। रविवार को कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी गई है।
- मंगल सैन, रोडवेज महाप्रबंधक, हिसार डिपो