हिसार। शहर की पीएलए मार्केट में स्थित कैरट लेन शोरूम के ऑफिस नंबर पर कॉल कर 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। फोन दोपहर 12.15 बजे आया है। फोन करने वाले ने अपने आप को गोल्डी बराड़ बताया है। रुपये न देने पर दुकान को तहस-नहस करने की धमकी दी है। हालांकि सिविल लाइन थाना पुलिस का कहना है कि अभी हमारे पास इस प्रकार की कोई शिकायत नहीं आई है।
जानकारी अनुसार सेक्टर-14 के रहने वाले सुमित गोयल का पीएलए मार्केट में कैरट लेन नाम से ज्वेलर्स की शॉप है। यहां पर करीब डेढ़ साल से सेनियाना मोहल्ला निवासी हेमंत मैनेजर के पद पर कार्यरत है। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर 12.15 मिनट पर ऑफिस के मोबाइल नंबर पर एक कॉल आई। फोन मैनेजर हेमंत ने उठाया। फोन करने वाले ने कहा कि मैं गोल्डी बराड़ बोल रहा हूं, तुम 5 लाख रुपये दे दो नहीं तो 5-7 आदमी भेज कर दुकान को तहस-नहस करवा दूंगा। फोन सुनने के बाद बताया जा रहा है कि इस बारे में पीएलए पुलिस चौकी में शिकायत दी गई।
लिखित में कोई शिकायत नहीं मिली
पीएलए पुलिस चौकी इंचार्ज कृष्ण कुमार का कहना है कि ज्वेलर्स शॉप पर फोन कर रंगदारी मांगने के मामले में अभी तक हमारे पास कोई शिकायत नहीं आई है।