हिसार। मेयर गौतम सरदाना और निगमायुक्त अशोक गर्ग ने शनिवार शाम दिल्ली रोड स्थित बरसाती नाले का निरीक्षण किया। इस दौरान नाले में जगह-जगह गंदगी और कई जगह रुकावट मिली। इस कारण टैंकर से पानी डालकर नाले के डेमो का कार्यक्रम रद्द कर दिया। अधिकारियों की इस लापरवाही पर मेयर ने कहा कि वह सरकार से 27 करोड़ की ग्रांट नाम कमाने के लिए लाए थे, मगर इन्होंने मुझे बदनाम करवा दिया। अब मैं अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखूंगा।
अब निगम प्रशासन ने फैसला लिया कि सोमवार को जनस्वास्थ्य विभाग व बीएंडआर के अधिकारियों के साथ बैठक कर जलभराव की समस्या का समाधान निकाला जाएगा। बैठक में नाले को टेकओवर करने और सफाई को लेकर निर्णय लिया जाएगा। बता दें कि शुक्रवार को निगम हाउस की समीक्षा बैठक में दिल्ली रोड बरसाती नाले का मुद्दा उठा था। बैठक में फैसला हुआ था कि बीएंडआर नाले का डेमो करके दिखाएगा। इसके तहत टैंकरों की मदद से नाले में पानी डालकर इसकी जांच की जाएगी, अगर डेमो सफल रहा तो निगम इस टेकओवर कर लेगा।
बरसाती नाले के डेमो के लिए शनिवार शाम चार बजे निगमायुक्त अशोक गर्ग बीएंडआर के एक्सईएन विशाल व एसडीओ गौरव जैन के साथ जिंदल पुल के पास पहुंचे। उन्होंने नाले की जांच की तो उसमें पानी बह रहा था। इस दौरान निगमायुक्त ने नाले के होल पर जालियां न लगाने पर आपत्ति जताई और कहा कि बिना जाली के नाले में गंदगी जमा हो जाएगी। इस पर बीएंडआर के अधिकारियों ने कहा कि जाली लगने के बाद यहां कचरा जमा हो जाएगा, जिससे परेशानी बढ़ सकती है। इस पर पार्षद जगमोहन मित्तल ने कहा कि हर जीटी के पास पेंट से निशान कर दिए जाए, जिससे पानी भरने के बाद यह पता चल जाएगा कि यहां-यहां जीटी बनी हुई है। इससे इनकी सफाई करने में आसानी होगी। इसके बाद निगमायुक्त ने थोड़ी दूरी पर नाले को चेक किया तो पानी कम मिला। इस पर निगमायुक्त ने कहा कि यहां पानी कम क्यों है, इसका मतलब बीच में रुकावट है। उन्होंने बीएंडआर से इसकी सफाई करवाने को कहा।
अधिकारी बोले- मिष्ठान भंडार के कारण आ रही रुकावट
निरीक्षण के दौरान शीशमहल बैंक्वेट हॉल के पास नाले में रुकावट मिली। इस पर बीएंडआर के जेई राजकुमार ने यह रुकावट एक मिष्ठान भंडार के कारण बताई। इस पर निगमायुक्त ने कहा कि तुरंत मिष्ठान भंडार संचालक को नोटिस जारी किया जाए। इस दौरान बरसाती नाले में सीवर कनेक्शन का भी मुद्दा उठा तो अधिकारियों ने बताया कि जिंदल पुल से लेकर सेक्टर 9-11 मोड़ तक सीवर लाइन ही नहीं है, जिस कारण से आसपास के लोगों ने नाले में सीवर कनेक्शन किए हुए हैं। इस पर निगमायुक्त ने बीएंडआर ने इस एरिया में सीवर लाइन बिछवाने व नाले में सीवर कनेक्शन करने वालों को नोटिस देने व उनके कनेक्शन हटाने के आदेश दिए।
लेवल में मिली गड़बड़ी तो ठेकेदार करेगा ठीक
बीएंडआर के अधिकारियों ने मेयर व निगमायुक्त को बताया कि इस नाले का निर्माण बीएंडआर को करना था और बाद में इसे नगर निगम को सौंपा जाना था। इसे लेकर बींएडआर की तरफ से दो-तीन बार पत्राचार भी किया गया। इस पर पार्षद जगमोहन मित्तल, उमेद खन्ना व प्रीतम ने कहा कि हाउस की मीटिंग पास आते ही इन्हें पत्राचार याद आ जाता है। मेयर ने कहा कि इसकी सफाई कौन करवाकर देगा। इस पर बीएंडआर के अधिकारियों ने कहा कि उनके पास नाले की सफाई का कोई प्रावधान नहीं है और न ही उनके पास नाले की सफाई के लिए संसाधन हैं। इस पर मेयर ने कहा कि अगर नाले का लेवल सही नहीं मिला तो इसे ठीक कौन करेगा। बीएंडआर के अधिकारी ने कहा कि अभी दो साल तक नाला गारंटी पीरियड में है। अगर कोई गड़बड़ी मिली तो ठेकेदार ठीक कराकर देगा।