हिसार। बस स्टैंड की दीवार तोड़कर ट्रायल के तौर पर बसें निकालने में ऋषि नगर में टूटा सीवर का मैनहोल बाधा बना हुआ है। हालांकि सीवर को ठीक करने का काम किया जा रहा है, लेकिन अभी काम पूरा होने में एक सप्ताह का समय लग जाएगा। उसके बाद ही दीवार को तोड़कर बसें निकालकर ट्रायल लिया जा सकेगा।
बता दें, कि कुछ दिन पहले ही हिसार डिपो के महाप्रबंधक राहुल मित्तल ने पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस दौरान पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के एक्सईएन रजनीश कुमार ने बस स्टैंड की दीवार को तोड़कर ट्रायल के बेस पर बसें निकालने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि यदि यह कामयाब होता है तो इसमें इंपलीमेंट किया जाएगा, लेकिन फिलहाल सीवर का टूटा मैनहोल काम में अड़चन डाल रहा है।
पहले गेट और चेक पोस्ट बनेगा, बाद में तोड़ी जाएगी दीवार
पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के एक्सईएन रजनीश कुमार का कहना है कि रोडवेज महाप्रबंधक से वर्कशॉप का नक्शा मंगवाया है। नक्शे पर मार्क कर भेजेंगे। उसके बाद गेट और चेक पोस्ट बनाने के लिए एस्टीमेट बनाकर देंगे। पहले गेट लगाया जाएगा। उसके बाद ही दीवार तोड़कर बसें निकाली जाएगी। फिलहाल ऋषि नगर में मैनहोल का काम चल रहा है। जब तक वहां काम पूरा नहीं होता है तब तक हमारी ओर से कोई काम शुरू नहीं होगा।
ऋषि नगर में करीब 35 साल पुराना मैनहोल क्षतिग्रस्त हो गया था। इस कारण मैनहोल के अंदर की दीवार गिर गई और गहरा गड्ढा हो गया। काम जारी है। काम पूरा करने में एक सप्ताह का समय लग जाएगा।
- जसबीर, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग