गांव गावड़ में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : Hisar
बालसमंद। गांव गावड़ में वीरवार रात चोर चार मकानों के ताले तोड़कर 40 तोले सोना, एक किलो चांदी और साढ़े पांच लाख रुपये चोरी कर ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस, साइबर सेल और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और जरूरी तथ्य जुटाए। वहीं, बरवाला के गांव ईशरहेड़ी के मकान से चोर 3 तोले सोना, 500 ग्राम चांदी व 1500 रुपये चुरा फरार हो गए।
गावड़ निवासी रामप्रसाद ने बताया कि वह अनाज व्यापारी है। व्यापार के कारण घर में कैश रखना पड़ता है। वीरवार रात को उसकी बेटी पढ़ाई करके 11 बजे सोई थी। पूरा परिवार घर में ही आंगन में सो रहा था। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े चार बजे उठा तो सामान बिखरा मिला। कमरे में अलमारी का लॉक कटर से काटा हुआ था। अलमारी से 20 तोले सोना और साढ़े चार लाख रुपये गायब मिले। वहीं साथ लगते राजेश के घर से चोर 10 तोले सोना और एक किलो चांदी चुरा ले गए। इसके अलावा रमेश के मकान से चोर लोहे के बक्से को खंगालकर 50 हजार रुपये ले गए। रमेश ने बताया कि चोरी रात दो से चार बजे के बीच हुई है। रात को दो बजे तक उसका बेटा फोन चला रहा था। कुछ दूरी पर स्थित सुरेश के मकान से चोर 10 तोले सोने के आभूषण और 50 हजार रुपये चोरी कर ले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी लोकेंद्र सिंह के दिशा निर्देश में पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। सीआईए द्वितीय, डीएसपी नारायण सिंह और सदर एसएचओ की बालसमंद टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। साइबर सेल की टीम भी मौके पर पहुंची है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - सौरभ सिंह, चौकी इंचार्ज, बालसमंद पुलिस चौकी
एक साथ चार घरों में चोरी की घटना हुई है। चारों मकान करीब 500 मीटर के दायरे में हैं। पुलिस जल्द चोरों को पकड़ मामले का खुलासा करे, ग्रामीण क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए। - गुणपाल, पूर्व सरपंच, गावड़
बाल खरीदने चार-पांच बाइक वाले आए थे
पीड़ित रमेश ने बताया कि गांव में चोरी की घटना से एक दिन पूर्व बाल खरीदने के लिए गांव में चार-पांच बाइक सवार आए थे। उन्हें शक है कि वे गांव में रेकी करने के लिए आए होंगे। रमेश ने बताया कि उसने सीसीटीवी खरीदे हुए थे। रविवार को उसे इंस्टाल कराना था।
नंगे पांव आए थे चोर
गावड़ निवासी रमेश ने बताया कि घर के सामने 15 फुट की दीवार लगती है। पास में राजेश के मकान की दीवार 7 फुट ऊंची है। चोर दीवार फांदकर घर में घुसे हैं। घर के पास नंगे पांव के निशान मिले हैं। नंगे पांव में एक आदमी और एक छोटे पैर के निशान हैं।