हिसार। जिला स्वास्थ्य विभाग कोरोनारोधी टीकाकरण की पहली डोज के 30 फीसदी लक्ष्य से पीछे चल रहा है। अब विभाग को त्योहार सीजन पर लक्ष्य पूरा करने की उम्मीद है, ताकि ज्यादा से ज्यादा शिविर लगाकर टीकाकरण की रफ्तार तो बढ़ाया जा सके।
विभाग के अनुसार वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में नहीं मिली तो कैंप न लगने के कारण लक्ष्य पूरा नहीं हुआ। दूसरी ओर सोशल मीडिया के जरिये लोगों में अफवाहें फैली है, जिस कारण टीकाकरण कम हुआ। स्वास्थ्य विभाग को टीकाकरण का लक्ष्य बढ़ाकर 13 लाख 19 हजार 94 दिया है। इससे पहले 12.5 लाख का लक्ष्य दिया था। हालांकि, सितंबर माह में वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ी है। इस माह में प्रतिदिन औसतन 13788 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। अभी तक जिले में 9 लाख 62 हजार 449 लोगों को पहली डोज और 2 लाख 85 हजार 52 लोगों को दूसरी डोज लगी है।
लक्ष्य और टीकाकरण पर एक नजर
आयु वर्ग अब लक्ष्य पहले लक्ष्य पहला टीका दूसरा टीका
18 से 44 847989 835981 583468 111254
45 से 60 282663 226980 214487 83100
60 से अधिक 188442 167768 141500 68225
श्रेणी लक्ष्य पहला टीका दूसरा टीका
हेल्थ वर्कर 15279 14528 14088
फ्रंटलाइन वर्कर 7305 8766 8385
डाटा पीएचसी पर हुआ सबसे कम टीकाकरण
शहरी क्षेत्र में 45 से अधिक आयु वर्ग में 120 प्रतिशत और 18 से 44 आयु वर्ग में 102.65 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है। अगर ग्रामीण की बात करें तो जिले की आर्यनगर सीएचसी पर 45 प्लस का 99 प्रतिशत और 18 से 44 वर्ष का 79 प्रतिशत सबसे अधिक टीकाकरण हुआ है। वहीं डाटा पीएचसी पर 45 से अधिक आयु वर्ग में 42 प्रतिशत व 18 से 44 आयु वर्ग में 34 प्रतिशत सबसे कम टीकाकरण हुआ है। विभाग ने 19 ऐसे गांवों की छंटनी की है, जहां पर 100 फीसदी टीकाकरण हो गया है।
युवा वर्ग में अधिक टीकाकरण : युवा वर्ग टीका लगवाने के प्रति अधिक उत्सुक है। युवा समय पर पहला व दूसरा टीका लगवाने के लिए आ रहे हैं। 60 से अधिक उम्र के बुजुर्गों में जागरूकता की कमी है, जिससे बहुत कम टीकाकरण हुआ। पहले बुजुर्गों ने उत्साह दिखाया था, लेकिन अब न के बराबर आ रहे।
बाहर के लोग भी यहां लगवा रहे टीका
हिसार जिले के अलावा दूसरे जिले या राज्य के लोग भी यहां आकर टीका लगवा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार 8 से 10 प्रतिशत बाहर के लोगों ने टीका लगवाया है। इसका विभाग को अलग से अंदाजा नहीं है कि यहां के लोगों को कितना और बाहर के कितने लोगों ने टीका लगवाया। यह सुविधा पोर्टल में दी हुई है। आधार कार्ड व मोबाइल नंबर दर्ज होता है।
किस माह में कितना
माह कुल वैक्सीनेशन औसत रोज
सितंबर 413649 13788
अगस्त 287056 9260
जुलाई 145766 4702
जून 127038 4235
मई 78233 2524
कोरोना से बचाव को लेकर इंतजाम
- नागरिक अस्पताल व हांसी नागरिक अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट बनकर तैयार।
- नागरिक अस्पताल में दूसरे व नारनौंद नागरिक अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट बनाने को लेकर प्रयास जारी।
- नागरिक अस्पताल में अब 24 वेंटिलेटर इंस्टॉल व 60 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार।
- बच्चों के लिए अलग से आइसोलेशन वार्ड बनाया जा रहा और 2 से तीन रेडिएंट वॉर्मर के बेड व कुछ वेंटिलेटर आए हैं।
- सेक्टर 1-4 स्थित अर्बन हेल्थ सेंटर पर कोविड-29 लैब तैयार, डीप फ्रिज आए व सैंपल जांच के लिए मशीन आना बाकी।
30 सितंबर तक टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करना था। पिछले सप्ताह से शिविर लग रहे हैं पर लोग वैक्सीन नहीं लगवा रहे हैं। अब त्योहार सीजन पर पहली डोज कवर करने की उम्मीद है। शहर में लक्ष्य से अधिक टीकाकरण हो चुका है। ग्रामीण में ऐसा नहीं। वैक्सीन का भी पर्याप्त होना जरूरी है। कई बार बीच में वैक्सीन समय पर पूरी नहीं मिली, जिससे कैंप नहीं लगाए जा सके। - डॉ. तरुण, डिप्टी सीएमओ, हिसार
कुछ दिन से सोशल मीडिया पर भ्रामिक पोस्ट वायरल हो रही हैं, जो गलत हैं। वैक्सीन में ऐसा कुछ नहीं है। ऐसी पोस्ट से आमजन न घबराएं। अपील है कि ज्यादा से ज्यादा लोग वैक्सीन लगवाएं। इसे लेकर अधिकारियों के साथ बात की जाएगी, ताकि इन पर कार्रवाई की जाए। - डॉ. रत्ना भारती, सिविल सर्जन, हिसार